बीच सड़क पर पैर बांधकर नाबालिग छात्र को डंडों से पीटा; वीडियो वायरल होते ही एक आरोपी गिरफ्तार
Student Beaten In Morena: मुरैना में इंसानियत शर्मसार, कोचिंग से लौट रहे छात्र के पैर बांधकर लाठियों से पीटा, सुमावली पुलिस कमान ने 1 आरोपी दबोचा, वीडियो के आधार पर जांच शुरू।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: सजल रघुवंशी
मुरैना में छात्र के साथ मारपीट (सोर्स- सोशल मीडिया)
Minor Student Assault Morena: मुरैना जिले के सुमावली थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोचिंग से घर लौट रहे एक नाबालिग छात्र को बीच सड़क पर रोककर पहले उसके दोनों पैर बांध दिए गए और फिर डंडों से बेरहमी से पीटा गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
रहम की गुहार लगाता रहा छात्र
घटना सुमावली थाना क्षेत्र के मेला ग्राउंड के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार नाबालिग छात्र मुरैना शहर से कोचिंग पढ़कर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि एक बुजुर्ग ने छात्र के दोनों पैर बांध दिए, जबकि दूसरे आरोपी ने डंडे से लगातार उस पर हमला किया। वायरल वीडियो में छात्र दर्द से तड़पते हुए खुद को छोड़ देने की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी। सड़क पर मौजूद लोगों ने भी इस दौरान हस्तक्षेप नहीं किया, जिससे घटना और भी गंभीर बन गई।
सम्बंधित ख़बरें
छात्र से मंत्री तक का सफर याद आया, पुराने कॉलेज पहुंच भावुक हुए मंत्री तुलसीराम सिलावट
इंदौर में बारिश बनी आफत: सड़कें बनीं तालाब, जल निकासी की व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
EXCLUSIVE: राजधानी भोपाल में रिहायशी इलाकों के बीच गैस गोदाम, फायर सेफ्टी के नाम पर फेल व्यवस्थाएं- VIDEO
बुरहानपुर में कीचड़ में बैठे पार्षद: जलभराव के विरोध में ‘जल आंदोलन’, महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया छात्र
बेरहमी से हुई मारपीट में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल जौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। घटना के कारण छात्र और उसके परिजनों में दहशत का माहौल है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। सुमावली थाना प्रभारी रविप्रताप सिंह गुर्जर ने बताया कि मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है।
यह भी पढ़ें: महिदपुर में हैवानियत की हद: जमीन में हिस्सा मांगने पर महिला के बाल काटे, जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया
उसकी गिरफ्तारी के लिए मुरैना पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
