'अंतरात्मा की आवाज' साइकिल यात्रा लेकर चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे जीतू पटवारी, भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा

Jitu Patwari News: PCC चीफ जीतू पटवारी 'अंतरात्मा की आवाज' साइकिल यात्रा के तहत सीहोर के चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे। उन्होंने शिक्षा और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
Jitu Patwari Sehore Cycle Yatra
जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jitu Patwari Sehore Cycle Yatra: सीहोर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी अपनी 'अंतरात्मा की आवाज' साइकिल यात्रा के तहत रविवार को सीहोर पहुंचे। यहां उन्होंने प्राचीन और प्रसिद्ध चिंतामन गणेश मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ मौजूद रहे।

मंदिर में दर्शन के बाद जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस के आगामी अभियान और संगठन की रणनीति पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विजन और विचारों को गांव-गांव तथा आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षा का मुद्दा उठाया

इस दौरान जीतू पटवारी ने "केजी (KG) से पीजी (PG) तक सबको समान शिक्षा" का संकल्प दोहराते हुए कहा कि प्रदेश के हर बच्चे को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी की आर्थिक स्थिति पर निर्भर नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह सभी का समान अधिकार है। इसी उद्देश्य को लेकर कांग्रेस 14 और 15 तारीख को युवाओं के बीच विशेष अभियान चलाएगी और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।

सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप

प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता इससे परेशान है। जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार को "अलीबाबा और 40 चोरों की सरकार" बताते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जैन से लेकर अयोध्या तक भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि दतिया सहित प्रदेश की जनता आगामी चुनावों में इसका जवाब देगी।

प्रसिद्ध कचोरी का लिया स्वाद

राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी का सहज और स्थानीय अंदाज भी देखने को मिला। साइकिल यात्रा के समापन के बाद उन्होंने सीहोर की प्रसिद्ध कचोरी का स्वाद लिया और स्थानीय दुकानदारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आम लोगों का हालचाल भी जाना और उनसे संवाद किया।

संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से जीतू पटवारी प्रदेशभर में लगातार दौरे और जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। सीहोर की यह साइकिल यात्रा भी उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

https://youtube.com/shorts/U88PkAMkNOc?si=RkBybx0xDAd2kNbr

Navbharat Live
navbharatlive.com