खंडवा : 10 साल से न्याय की तलाश में भटकता रहा बुजुर्ग, कलेक्ट्रेट में अर्धनग्न होकर की शिकायत
Khandwa News : खंडवा कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में 65 वर्षीय बुजुर्ग अर्धनग्न होकर पहुंचे। दुकान पर कब्जे और अवैध निर्माण की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज बुजुर्ग ने अनोखा प्रदर्शन किया।
- Reported By: नितिन झवर | Edited By: प्रीतेश जैन
शिकायतकर्ता बुजुर्ग (फोटो सोर्स- नवभारत)
Khandwa Elder Protest Collectorate: खंडवा जिले की साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग प्रकाशचंद राजानी अर्धनग्न अवस्था में कलेक्ट्रेट पहुंच गए। उनका कहना था कि पिछले कई वर्षों से वे अपनी दुकान पर हुए कब्जे और अवैध निर्माण की शिकायत लेकर नगर निगम और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने यह अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
शास्त्री नगर निवासी प्रकाशचंद राजानी ने आरोप लगाया कि जलेबी चौक स्थित उनकी दुकान का पड़ोसी दुकानदार ने ताला तोड़ दिया, दुकान का सामान बाहर फेंककर कब्जा कर लिया। इसके बाद दुकान को तोड़कर बिना अनुमति तीन मंजिला इमारत का निर्माण भी कर लिया गया। उनका दावा है कि वे पिछले 10 वर्षों से इस मामले में लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन किसी भी स्तर पर उन्हें न्याय नहीं मिला।
अर्धनग्न होकर पहुंचे तो मच गया हड़कंप
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे जब प्रकाशचंद राजानी अर्धनग्न अवस्था में कलेक्ट्रेट पहुंचे तो वहां मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और आम लोगों की भीड़ जुट गई। उनकी स्थिति देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने उन्हें अपने चेंबर में बुलाकर अलग से चर्चा की और उनकी शिकायत विस्तार से सुनी। कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर:NEET पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, पुलिस से हुई झड़प
नगर निगम में 354 प्रॉपर्टियों का नामांतरण विवाद, करोड़ों की संपत्तियों पर जांच तेज, एफआईआर की तैयारी में निगम
मिशनरी स्कूल में धर्मांतरण का आरोप: प्रमोशन का लालच देकर धर्म बदलने का दबाव, हिंदू संगठनों ने किया हंगामा
दतिया उपचुनाव: BJP नेताओं से बंद कमरे में मुलाकात के बाद बढ़ा सस्पेंस, क्या राजनीतिक दांव चलेंगे अवधेश नायक?
‘अगली बार पूरी तरह नग्न होकर करूंगा प्रदर्शन’
बातचीत के बाद भी बुजुर्ग ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि इस बार भी उनकी शिकायत पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अगली कलेक्टर जनसुनवाई में वे पूरी तरह नग्न होकर प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना था कि जब वर्षों तक शिकायतों पर सुनवाई नहीं होती तो आम नागरिक के पास विरोध दर्ज कराने के लिए ऐसे कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।
ये भी पढे़ं : ग्वालियर: NEET पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका, पुलिस से हुई झड़प
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
बुजुर्ग के इस अनोखे विरोध ने प्रशासनिक शिकायत निवारण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन उनकी शिकायत की जांच कर क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल कलेक्टर द्वारा मामले की सुनवाई के बाद संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है।
