इंदौर जनसुनवाई में मार्मिक दृश्य; बिजनौर से एम्बुलेंस में 1000 KM चलकर न्याय मांगने पहुंचीं 80 वर्षीय महिला

Elderly Woman Justice Appeal: इंदौर जनसुनवाई में हैरान करने वाला मामला, ₹2 करोड़ की जमीन बचाने लाइफ सपोर्ट पर 1000 KM दूर यूपी से एम्बुलेंस में आई बुजुर्ग महिला; एडीएम ने दिए जांच के आदेश।
An 80-year-old woman traveled nearly 1000 kilometers by ambulance from Bijnor to attend the Indore Jansunwai
इंदौर जनसुनवाई न्यूज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Indore Jansunwai News: इंदौर में मंगलवार को आयोजित कलेक्टर जनसुनवाई में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों को भावुक कर दिया। करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला अनीसा अपनी लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को बचाने की गुहार लेकर उत्तर प्रदेश के बिजनौर से इंदौर पहुंचीं।

स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रही महिला ने न्याय की उम्मीद में एम्बुलेंस से करीब 1000 किलोमीटर का लंबा सफर तय किया और प्रशासन से मदद की मांग की।

लाइफ सपोर्ट पर होने के बावजूद नहीं छोड़ी न्याय की उम्मीद

बताया गया है कि अनीसा चलने-फिरने में असमर्थ हैं और पूरी तरह लाइफ सपोर्ट सिस्टम के सहारे जीवन व्यतीत कर रही हैं। खराब स्वास्थ्य के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी संपत्ति को बचाने के लिए लंबी यात्रा कर इंदौर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। जनसुनवाई के दौरान उन्होंने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) रोशन राय को आवेदन सौंपकर अपनी जमीन वापस दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

रिश्तेदारों पर दस्तावेजों में हेराफेरी कर कब्जे का आरोप

महिला की बहू और उनके वकील ने बताया कि गांधी नगर क्षेत्र स्थित दो प्लॉटों की वर्तमान बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है। उनका आरोप है कि महिला के सगे भतीजे अनीस और अन्य रिश्तेदारों ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों में कथित हेराफेरी कर संपत्ति पर अवैध कब्जा कर लिया है। परिवार का कहना है कि इस संबंध में विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की गईं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से बुजुर्ग महिला को खुद इंदौर आकर प्रशासन के सामने अपनी बात रखनी पड़ी।

प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन

इंदौर जनसुनवाई के दौरान महिला की ओर से उनके वकील ने पूरा मामला अधिकारियों के सामने रखा। एडीएम रोशन राय ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर कार्यालय की ओर से संबंधित विभागों को जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपनी संपत्ति को बचाने के लिए एम्बुलेंस से 1000 किलोमीटर का सफर तय करने वाली बुजुर्ग महिला की दृढ़ इच्छाशक्ति जनसुनवाई में चर्चा का विषय बनी रही। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com