

Jabalpur Shamim Kabadi Arrest : जबलपुर के बहुचर्चित शमीम कबाड़ी गोदाम ब्लास्ट मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के आरोप में शमीम कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपनी पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी छिपाकर पासपोर्ट हासिल किया और इसी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर दुबई गया था। पुलिस अब कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और फरारी के दौरान उसकी मदद करने वालों की तलाश कर रही है।
जबलपुर के खजरी-खिरिया बायपास स्थित राजा मेटल इंडस्ट्रीज के कबाड़ गोदाम में 25 अप्रैल 2024 को भीषण विस्फोट हुआ था। घटना के बाद गोदाम संचालक शमीम कबाड़ी फरार हो गया था। पुलिस के मुताबिक, वह फरारी के दौरान करीब दो साल तक दुबई में रहा। 21 सितंबर 2026 को गोदाम ब्लास्ट मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद शमीम जबलपुर लौटा था।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के मुताबिक, शमीम ने नागपुर से बनवाए गए कथित फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट हासिल किया था। इसी पासपोर्ट के जरिए उसके दुबई जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि पासपोर्ट बनवाने के लिए दिए गए दस्तावेजों में उसने अपनी पहचान और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी छिपाने की कोशिश की थी।
पासपोर्ट बनवाने में कथित फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद बुधवार को अधारताल थाने में शमीम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को सफलता मिली और शमीम को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जबलपुर जिला अस्पताल में उसका मुलाहिजा कराया गया और फिर उसे अदालत में पेश किया गया।
जबलपुर पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि कथित फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए और पासपोर्ट बनवाने में किन लोगों ने उसकी मदद की। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान शमीम को किन लोगों का सहयोग मिला था। पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।