5 युवकों की हत्या के आरोपी डॉ. अमित खरे का अस्पताल सील, बिना अनुमति चल रहा था ‘स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल’
Jabalpur Smart City Hospital: 5 युवकों की हत्या के मामले के आरोपी डॉ. अमित खरे के जबलपुर स्थित स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल को प्रशासन ने सील कर दिया। बिना वैध अनुमति और फायर एनओसी के संचालित हो रहा था।
- Reported By: पवन पटेल | Edited By: प्रीतेश जैन
आरोपी डॉक्टर और उसका अस्पताल (फोटो सोर्स- नवभारत)
Dr Amit Khare Hospital Sealed: जबलपुर-नरसिंहपुर बॉर्डर पर सुआतला में पांच युवकों की हत्या के मामले में साजिशकर्ता डॉक्टर अमित खरे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब प्रशासन ने उसके अस्पताल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल को सील कर दिया है।
नगर निगम, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने गोरखपुर स्थित स्मार्ट सिटी अस्पताल में छापा मारा, जहां जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल बिना वैध अनुमति और बिना फायर एनओसी के संचालित किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि अस्पताल परिसर में अवैध रूप से लैब और फार्मेसी का संचालन किया जा रहा था।
ट्रेनी और स्टूडेंट्स को स्टाफ के रूप में किया था भर्ती
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अस्पताल में मौजूद कुछ डॉक्टर और स्टाफ आवश्यक डिग्री और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
दतिया उपचुनाव: CM मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल आज करेंगे विशाल रोड शो, आशुतोष तिवारी के लिए मांगेंगे वोट
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवाड़ी को दी 163 करोड़ रुपये की सौगात, नए कलेक्ट्रेट और जिला अस्पताल का लोकार्पण
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय जुलूस, कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने लगाए सरकार विरोधी नारे
उज्जैन कोर्ट परिसर में महिला को धमकाने का आरोप, जमानत का विरोध करने पहुंची थी पीड़िता, SP से सुरक्षा की गुहार
अस्पताल में भर्ती मरीजों को किया गया मेडिकल शिफ्ट
कार्रवाई के दौरान जब टीम ने अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण किया तो वहां कुल 8 मरीज भर्ती पाए गए। अस्पताल को सील करने के पहले सभी मरीजों को सुरक्षित रूप से मेडिकल कॉलेज अस्पताल शिफ्ट कराया गया, ताकि उनके इलाज में किसी तरह की बाधा न आए।
अस्पताल का लाइसेंस होगा निरस्त
स्मार्ट सिटी हॉस्पिटल में जांच के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। आरोपी डॉक्टर अमित खरे से जुड़े दस्तावेजों और अस्पताल के संचालन से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
हत्या की साजिश रचने सहित साक्ष्य छुपाने जैसे मामलों में भी आरोपी है अमित खरे
गौरतलब है कि डॉक्टर अमित खरे बेलखेड़ा के पांच युवकों की मौत के चर्चित मामले में आरोपी है। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उनकी भूमिका की जांच जारी है। इतना ही नहीं, डॉक्टर अमित खरे का नाम इससे पहले भी कई विवादों से जुड़ चुका है। उस पर पत्रकार से मारपीट, हत्या के एक मामले में साक्ष्य छिपाने के आरोप, फर्जी एक्सीडेंट केस और आयुष्मान कार्ड के जरिए कथित फर्जीवाड़े जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं।
ये भी पढ़ें : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवाड़ी को दी 163 करोड़ रुपये की सौगात, नए कलेक्ट्रेट और जिला अस्पताल का लोकार्पण
जेल जा चुका है अमित खरे
इनमें से कुछ मामलों में अमित खरे को जेल हुई है तो कुछ मामलों में पहले भी कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। बहरहाल प्रशासन अब उसके तमाम काले कारनामों की रिपोर्ट तैयार कर रहा है ताकि अमित खरे को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
