मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निवाड़ी को दी 163 करोड़ रुपये की सौगात, नए कलेक्ट्रेट और जिला अस्पताल का लोकार्पण

CM Mohan Yadav: CM मोहन यादव ने निवाड़ी में 163 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। नए संयुक्त कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल समेत 44 कार्यों का लोकार्पण और 15 परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
Niwari Development Projects
सीएम मोहन यादव (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Niwari Development Projects: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी जिले में विकास कार्यों की सौगात देते हुए 163 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने 109 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 44 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 54 करोड़ रुपये से अधिक के 15 नए कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, युवा, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता-2026 महिलाओं को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने लगभग 25.63 करोड़ रुपये की लागत से बने नए संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण किए गए 100 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष विंग, संजीवनी क्लीनिक, स्टॉप डैम, आंगनवाड़ी भवनों और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।

बुंदेलखंड के विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से निवाड़ी जिले के 168 गांवों के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही पृथ्वीपुर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। उन्होंने ओरछा और निवाड़ी की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार रामराज्य की अवधारणा को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार समर्थन मूल्य पर खरीद, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और सिंघाड़े की खेती जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 14 लाख किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा गया है और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने की कई बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निवाड़ी के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि जिले में विधि महाविद्यालय और एमबीए कॉलेज खोला जाएगा। हर नगर पंचायत में गीता भवन का निर्माण किया जाएगा। निवाड़ी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया बस स्टैंड बनाया जाएगा। प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम सहायता बस सेवा शुरू की जाएगी। तरीचरकला में गौशाला बनाई जाएगी तथा कनरे नदी पर जनौली-चंदावनी के बीच पुल का निर्माण कराया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com