

Attendants Accused Of Assaulting Doctors In ICU: इंदौर के शासकीय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। अस्पताल की छठवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में परिजनों ने अचानक पहुंचकर डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ के साथ मारपीट कर दी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
अचानक हुए हंगामे के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ नर्सों को खुद को बचाने के लिए छिपना पड़ा। अस्पताल के गार्ड और अन्य कर्मचारी भी मौके से भागकर अपनी जान बचाते नजर आए। घटना के दौरान आईसीयू और आसपास मौजूद मरीजों व उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि करीब 60 वर्षीय मरीज ताहिरा कपाड़िया की मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों से विवाद शुरू किया, जो देखते ही देखते हंगामे और मारपीट में बदल गया। काफी देर तक अस्पताल की छठवीं मंजिल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद अस्पताल में सामान्य व्यवस्था बहाल की गई। इंदौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा सकते हैं, ताकि हंगामे और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद परिजनों का आईसीयू तक पहुंच जाना और वहां हंगामा करना सुरक्षा प्रबंधन की कमजोरी को दर्शाता है। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।