भोपाल: एमएलबी गर्ल्स कॉलेज के बाहर मनचलों का जमावड़ा, छात्राओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

Bhopal Ground Report: भोपाल के एमएलबी गर्ल्स कॉलेज के बाहर छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल, पॉलिटेक्निक चौराहे के पास लगता है मनचलों का जमावड़ा। पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन।
Students raise security concerns outside MLB Girls College Bhopal
गर्ल्स कॉलेज के बाह मनचलों का जमावड़ा(सोर्स- नवभारत लाइव)
Updated on

MLB Girls College Student Safety Report: राजधानी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे के पास स्थित एमएलबी गर्ल्स कॉलेज के बाहर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं। कॉलेज में पढ़ने वाली कई छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज के मुख्य गेट और आसपास के क्षेत्र में दिनभर लड़कों के समूह जमा रहते हैं, जिससे उन्हें आने-जाने में असहजता और डर का सामना करना पड़ता है।

छात्राओं का कहना है कि कुछ युवक कॉलेज के बाहर खड़े होकर फब्तियां कसते हैं, सीटी बजाते हैं और इशारे कर उन्हें परेशान करते हैं। एक छात्रा ने बताया कि कॉलेज के बाहर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। उनका कहना है कि गेट के पास और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास कई समूहों में बैठे युवक अक्सर छात्राओं को परेशान करते हैं।

निर्भया पेट्रोलिंग भी नियमित रूप से नहीं दिखाई देती

छात्राओं का यह भी कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित पुलिस की निर्भया पेट्रोलिंग भी इस क्षेत्र में नियमित रूप से दिखाई नहीं देती। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भविष्य में कोई गंभीर घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर शराब का एक खाली क्वार्टर भी पड़ा मिला। इससे कॉलेज के आसपास असामाजिक गतिविधियों को लेकर छात्राओं और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह बोतल वहां किसके द्वारा छोड़ी गई थी।

गर्ल्स कॉलेज और थाना के बीच मात्र एक किलोमीटर की दूरी

गौरतलब है कि, एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और श्यामला हिल्स थाना के बीच की दूरी महज एक किलोमीटर से भी कम है। इसके बावजूद छात्राओं का कहना है कि कॉलेज के बाहर मनचलों का जमावड़ा और छेड़छाड़ जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गर्ल्स कॉलेज के बाहर इस तरह की गतिविधियां स्वीकार्य नहीं- थाना प्रभारी

मामले को लेकर श्यामला हिल्स थाना प्रभारी (टीआई) ने कहा कि गर्ल्स कॉलेज के पास इस तरह की गतिविधियां किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा समय-समय पर एफआरबी और चार्ली के माध्यम से क्षेत्र में नियमित राउंड लगाए जाते हैं। कई बार असामाजिक तत्वों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। टीआई ने कहा कि आगे भी छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी।

छात्राओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है- प्राचार्य

वहीं, कॉलेज की प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज परिसर के अंदर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित है और छात्राओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। हालांकि कॉलेज के बाहर लगने वाले जमावड़े की जानकारी पुलिस को दी जाएगी, ताकि बाहरी क्षेत्र में भी आवश्यक कार्रवाई कर छात्राओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।

यह भी पढ़ें: इंदौर में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, नाबालिग का आधार बदलकर कराई शादी; 3 लाख में किया सौदा

अब देखने वाली बात होगी कि छात्राओं की शिकायतों के बाद पुलिस और प्रशासन कॉलेज के बाहर लगने वाले जमावड़े पर कितनी प्रभावी कार्रवाई करते हैं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए कौन-कौन से ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com