इंदौर में चोरी की गाड़ियों की कटिंग का खुलासा, कबाड़ दुकान से 12 इंजन बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार

Indore Crime Branch : इंदौर में क्राइम ब्रांच ने चोरी की गाड़ियों की कटिंग के नेटवर्क का खुलासा किया है। कबाड़ दुकान से 12 इंजन और इलेक्ट्रिक कटर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Indore Stolen Vehicle Cutting 12 Engines Seized
पुलिस ने चोरी के वाहनों के कटे हुए इंजन बरामद किए(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore Stolen Vehicle Cutting: इंदौर शहर में चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने वाले कथित नेटवर्क का क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। दौलतगंज-रानीपुरा क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ दुकान पर कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी की 12 गाड़ियों के इंजन बरामद किए हैं। मामले में पूर्व कांग्रेस पार्षद अंसाफ अंसारी के भाई अल्ताफ अंसारी और बेटे अरशद अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि दौलतगंज-रानीपुरा क्षेत्र की एक कबाड़ दुकान में चोरी के वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स अलग किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर तलाशी ली। इस दौरान 12 इंजन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, जांच में इन इंजनों का संबंध अलग-अलग चोरी की गाड़ियों से सामने आया है। तीन इंजन घिसे हुए मिले हैं, जबकि अन्य इंजनों की तकनीकी जांच जारी है।

12 इंजनों से जुड़ी चोरी की FIR मिली

पुलिस जांच में बरामद किए गए सभी 12 इंजनों से संबंधित चोरी की एफआईआर भी सामने आई हैं। इसके बाद पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए वाहनों को कबाड़ दुकान पर लाकर काटा जाता था और उनके इंजन सहित अन्य पार्ट्स को अलग-अलग माध्यमों से खपाया जाता था। अब क्राइम ब्रांच इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

वाहन काटने का इलेक्ट्रिक कटर भी बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकान से वाहनों की कटिंग में इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रिक कटर भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुकान पर चोरी के वाहनों की कटिंग का काम कब से चल रहा था। साथ ही चोरी की गाड़ियों को यहां तक पहुंचाने और कटिंग के बाद उनके पार्ट्स को बेचने में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है।

पूर्व कांग्रेस पार्षद की भूमिका की भी जांच

पुलिस के अनुसार, जिस जमीन पर कबाड़ दुकान संचालित हो रही थी, वह पूर्व कांग्रेस पार्षद अंसाफ अंसारी के नाम बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस ने जमीन के मालिकाना हक, दुकान के संचालन और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच भी शुरू कर दी है। पूर्व पार्षद की भूमिका को लेकर भी पुलिस तथ्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, उनकी भूमिका के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

ये भी पढ़ें : श्रावण के दूसरे सोमवार महाकाल मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भस्म आरती में शामिल हुए श्रद्धालु

दोनों आरोपी 5 दिन की पुलिस रिमांड पर

गिरफ्तार अल्ताफ अंसारी और अरशद अंसारी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। क्राइम ब्रांच अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के वाहनों की सप्लाई, उनकी कटिंग और पार्ट्स की बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में और कितने लोग शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com