ग्वालियर में 19 वर्षीय युवती से ऑटो में नशीली दवा पिलाकर दुष्कर्म, तीन थाने घूमने के बाद दर्ज हुई FIR

Gwalior Crime News : ग्वालियर में 19 वर्षीय युवती को दो युवकों ने अल्कापुरी चौराहे पर जबरन ऑटो में बैठाकर नशीली दवा पिलाई और दुष्कर्म किया। तीन थाने घूमने के बाद विश्वविद्यालय थाने में FIR दर्ज हुई।
Gwalior Auto Rape Case
ग्वालियर रेप केस के जांच अधिकारी (फोटो सोर्स- नवभारत)(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Gwalior Rape Case: ग्वालियर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 19 वर्षीय युवती का आरोप है कि दो युवकों ने उसे जबरन ऑटो में बैठाया, नशीली दवा पिलाई और बेहोश होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना 4 अगस्त की है। युवती महाराज बाड़े जाने के लिए घर से निकली थी। अल्कापुरी चौराहे के पास आरोपी छोटू खान अपने ऑटो के साथ पहुंचा और उसे बैठने के लिए कहने लगा। जब युवती ने इनकार किया तो ऑटो की पिछली सीट पर बैठे नरेश कुशवाह ने उसका हाथ पकड़कर जबरन ऑटो में खींच लिया।

ऑटो में बैठाने के बाद दोनों आरोपियों ने युवती के साथ अभद्रता की और उसे जबरन बोतल से पानी पिलाया। युवती के मुताबिक पानी में संभवतः नींद या नशे की दवा मिली हुई थी। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। शाम को जब होश आया तो वह बेला की बावड़ी इलाके में झाड़ियों के बीच बिना कपड़ों के पड़ी मिली। पास में उसके कुछ कपड़े पड़े थे। उसने कपड़े पहने और आसपास के लोगों की मदद से परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी।

तीन थानों के लगाने पड़े चक्कर

शिकायत दर्ज कराने के लिए युवती को तीन थानों तक जाना पड़ा। सबसे पहले वह गिरवाई थाने पहुंची, लेकिन वहां महिला अधिकारी मौजूद नहीं होने पर परिजन उसे माधौगंज थाने ले गए। वहां महिला अधिकारी की मौजूदगी में उसकी शिकायत सुनी गई और शून्य पर FIR दर्ज की गई। घटना क्षेत्र विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का होने के कारण केस डायरी विश्वविद्यालय थाने भेज दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

केस डायरी मिलते ही विश्वविद्यालय पुलिस ने दोनों आरोपियों छोटू खान और नरेश कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। एएसपी (हेडक्वार्टर) जयराज कुबेर ने बताया कि जल्द दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में पुलिस जांच तेज कर दी गई है। युवती की मेडिकल जांच भी करवाई गई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।

ये भी पढ़ें : मुरैना में खुली स्कूलों की पोल: 65 हजार वेतन वाला हेडमास्टर स्कूल से नदारद, 4500 रुपए में रखी मैडम पढ़ाती मिली

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवाल

इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति इस तरह की घटना की सूचना तुरंत दे और पीड़ितों को सहयोग करे। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com