संबल योजना की राशि जारी कराने के नाम पर रिश्वत, नगर निगम की वार्ड प्रभारी रंगे हाथ पकड़ाई
Lokayukta Trap: इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने संबल योजना की सहायता राशि जारी कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए नगर निगम की वार्ड प्रभारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
- Reported By: अंशुल मुकाती
इंदौर लोकायुक्त कार्यालय (फोटो सोर्स - नवभारत)
Indore Lokayukta Traps: इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम की एक वार्ड प्रभारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अधिकारी पर संबल योजना के तहत स्वीकृत सहायता राशि जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में एक वार्ड प्रभारी सहायक को भी सह-आरोपी बनाया गया है। लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।
दो लाख की सहायता राशि के बदले मांगी गई थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता आशीष चौधरी के पिता का वर्ष 2025 में निधन हो गया था। इसके बाद संबल योजना के तहत मिलने वाली दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत कराने की प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि नगर निगम जोन क्रमांक-13 की वार्ड प्रभारी संध्या पथरोड और वार्ड प्रभारी सहायक हरभजन सिंह सलूजा ने सहायता राशि जारी कराने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बाद में दोनों पक्षों के बीच 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसे पांच-पांच हजार रुपये की तीन किस्तों में देने की बात हुई।
पहली किस्त लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने पूरे मामले का सत्यापन किया। इसके बाद दीदी गार्डन और बावन कोठी के पीछे स्थित पानी की टंकी के पास ट्रैप लगाया गया। जैसे ही वार्ड प्रभारी संध्या पथरोड ने पहली किस्त के रूप में पांच हजार रुपये लिए, लोकायुक्त टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर: जीवाजी विश्वविद्यालय गेट पर लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन; सड़कों पर उतरी OBC महासभा
दतिया में गरजे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल; नीट मुद्दे पर राजनीति बंद करने की राहुल गांधी को दी सलाह
MP में ‘वीआईपी रुतबा’ दिखाने का क्रेज, ढाई साल में कटे 1 हजार से ज्यादा चालान; अब भी ‘पेंडिंग’ है वसूली की रकम
जबलपुर: अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर हुए BJP विधायक अजय बिश्नोई, X पोस्ट से PWD मंत्री पर दागे तीखे सवाल
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इंदौर लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि संध्या पथरोड और हरभजन सिंह सलूजा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
