मध्य प्रदेश विधानसभा से UCC बिल पास होने के बाद इंदौर पहुंचे CM मोहन यादव, विभिन्न समाजों ने किया भव्य स्वागत

MP UCC News : MP में UCC बिल पास होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव का इंदौर में भव्य स्वागत हुआ। विभिन्न सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं और मुस्लिम महिलाओं ने उनका अभिनंदन किया।
Indore CM Mohan Yadav Welcome
सीएम मोहन यादव का स्वागत (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Indore CM Mohan Yadav Welcome: मध्य प्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पारित होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गुरुवार को इंदौर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया।

बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर UCC विधेयक पारित होने पर बधाई दी। इस दौरान मुस्लिम महिलाओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए इस फैसले पर आभार व्यक्त किया।

शहीद चंद्रशेखर आजाद को किया नमन

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वे उनके जन्मस्थान भावरा जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज़ाद, भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और समान कानून हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और UCC विधेयक उसी संकल्प का हिस्सा है।

साढ़े तीन करोड़ लोगों से लिए गए सुझाव

मुख्यमंत्री ने बताया कि UCC विधेयक तैयार करने से पहले प्रदेश सरकार ने व्यापक जनसंवाद किया। करीब साढ़े तीन करोड़ लोगों तक पहुंचकर उनकी राय ली गई और दस लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि इन सुझावों के आधार पर विधेयक तैयार किया गया, जिसे विधानसभा ने पारित किया है। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इंदौर के विकास की भी की सराहना

मुख्यमंत्री ने इंदौर के विकास कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने शहर के डबल डेकर ब्रिज को आधुनिक इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि इंदौर विकास के क्षेत्र में पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन चुका है। उन्होंने कहा, "इंदौर जो करता है, अद्भुत करता है।" मुख्यमंत्री ने शहरवासियों को विकास कार्यों के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com