

Tree Falls On Moving Car Indore Women Death: इंदौर में सोमवार दोपहर तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। एमजी रोड थाना क्षेत्र में केंद्रीय जेल के पास सड़क से गुजर रही दो कारों पर अचानक एक पुराना इमली का पेड़ भरभराकर गिर पड़ा।
पेड़ के नीचे दबने से कारों में सवार पांच लोगों में से 78 वर्षीय राधा देवी सिंघी गंभीर रूप से घायल हो गईं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। शहर में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान जेल रोड पर केंद्रीय जेल के पास बनी दरगाह के सामने से दो कारें गुजर रही थीं। अचानक सड़क किनारे खड़ा पुराना इमली का पेड़ दोनों कारों के ऊपर जा गिरा। पेड़ के भारी वजन से दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में विंध्याचल नगर, एरोड्रम रोड निवासी 78 वर्षीय राधा देवी सिंघी और उनके साथ बैठी एक अन्य महिला पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों कारों में कुल पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही डीआरपी लाइन में मौजूद एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन देरी होने पर एमजी रोड पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने एफआरवी की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने राधा देवी सिंघी का उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उनकी जान नहीं बच सकी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद अपर कलेक्टर रजनीश कसेरा भी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार हादसे में घायल राधा देवी सिंघी, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण में डिप्टी डायरेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां थीं। अपर कलेक्टर ने नगर निगम की टीम के साथ राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। सभी घायलों को कारों से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। सड़क पर गिरे विशालकाय पेड़ को हटाने का काम शुरू किया गया। पेड़ को हटाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
तेज बारिश के बीच हुए इस हादसे ने शहर की सड़कों के किनारे खड़े पुराने और जर्जर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के दौरान पेड़ों के गिरने की घटनाओं से लोगों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे है।