इंदौर: CM मोहन यादव ने जिला चिकित्सालय के नवनिर्मित 300 बिस्तरीय भवन का किया लोकार्पण
CM Mohan Yadav News: इंदौर को ₹83 करोड़ के अस्पताल की सौगात, सीएम मोहन यादव का बड़ा एलान- मानसून सत्र में आएगा UCC बिल, गरीब मेधावी छात्रों की मेडिकल फीस भरेगी सरकार।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: सजल रघुवंशी
मुख्यमंत्री मोहन यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
CM Mohan Yadav Indore Visit: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में 300 से अधिक बेड वाले 83 करोड़ रुपये की लागत से बने अस्पताल के लोकार्पण कार्यक्रम में विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के हित में कई बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं जो शुरुआत में कड़वे लगते हैं, लेकिन भविष्य में उनका लाभ पूरे समाज को मिलता है। मुख्यमंत्री ने जीएसटी, मेडिकल शिक्षा, यूसीसी और प्रदेश के बुनियादी ढांचे को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
‘देशहित के लिए कड़े फैसले जरूरी’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जैसे किसी बीमार व्यक्ति के इलाज के लिए कड़वी दवा जरूरी होती है, वैसे ही देश के विकास के लिए कठिन निर्णय लेने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू किया गया जीएसटी ऐसा ही एक फैसला था, जिसने देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी। उन्होंने मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की जगह नेशनल मेडिकल कमीशन की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मेडिकल कॉलेजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार, मध्य प्रदेश में आज 33 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जबकि पहले यह संख्या केवल पांच थी। अगले ढाई वर्षों में प्रदेश में 52 मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
सम्बंधित ख़बरें
मंडला: कानून की उड़ीं धज्जियां, सिर फूटा तो आरोपी को कपड़े से बांधकर पूरे शहर में सरेराह घुमाया- देखें VIDEO
शिशुकुंज स्कूल की बड़ी लापरवाही उजागर: पानी में मिला बैक्टीरिया, बच्चो के बीमार होने के मामले में प्रशासन सख्त
उज्जैन: किसानों के खेतों से केबल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाइक और सामान बरामद
देश की पहली हाईटेक आंगनबाड़ी का उज्जैन में लोकार्पण; सीएम मोहन यादव ने बच्चों को बांटे गुलाब
गरीब छात्रों की मेडिकल फीस सरकार दे रही
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को डॉक्टर बनने का अवसर दे रही है। यदि कोई छात्र नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर लेता है और निजी मेडिकल कॉलेज की फीस देने में सक्षम नहीं है, तो सरकार उसकी फीस वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने 83 करोड़ रुपये की लागत से बने 300 से अधिक बेड वाले अस्पताल का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इंदौर और आसपास के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। साथ ही चंदन नगर से एयरपोर्ट तक नई सड़क निर्माण की घोषणा भी की।
यूसीसी पर सरकार आगे बढ़ेगी, कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार गंभीरता से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित कर 55 जिलों और 10 संभागों में लगभग 10 लाख लोगों से सुझाव लिए हैं। इन सुझावों के आधार पर वर्षाकालीन विधानसभा सत्र में यूसीसी विधेयक लाने की तैयारी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हमेशा हिंदू-मुस्लिम राजनीति करती है और भोजशाला तथा यूसीसी जैसे मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाने से बचती है।
यह भी पढ़ें: मंडला: कानून की उड़ीं धज्जियां, सिर फूटा तो आरोपी को कपड़े से बांधकर पूरे शहर में सरेराह घुमाया- देखें VIDEO
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार न्यायालय के फैसलों का सम्मान करते हुए जनता के हित और सुशासन के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश एविएशन सेक्टर में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और इंदौर से अबूधाबी के लिए नई अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होना इसका उदाहरण है।
