इंदौर एयरपोर्ट पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, आबूधाबी से आए यात्री के पास से करीब एक किलो सोना जब्त
Indore Airport News:इंदौर एयरपोर्ट पर DRI ने आबूधाबी से आए एक यात्री के पास से 1 किलो सोना जब्त किया है। बरामद सोने की कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में तस्करी नेटवर्क की जांच जारी।
- Reported By: अंशुल मुकाती | Edited By: प्रीतेश जैन
इंदौर एयरपोर्ट (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Indore Airport Gold Smuggling: इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने सोना तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। डीआरआई ने आबूधाबी से आए एक यात्री के पास से करीब एक किलो सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, आबूधाबी से एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट सोमवार तड़के इंदौर एयरपोर्ट पहुंची थी। डीआरआई को पहले से ही इस खेप के आने की सूचना मिल चुकी थी। इसी इनपुट के आधार पर अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर संबंधित यात्री की निगरानी शुरू कर दी। जांच के दौरान यात्री की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से करीब एक किलो सोना बरामद हुआ। इसके बाद डीआरआई ने तत्काल सोने को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
संगठित नेटवर्क की भी जांच
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह मामला केवल एक यात्री तक सीमित नहीं हो सकता। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोने की तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस अथवा एयरपोर्ट से जुड़े किसी कर्मचारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सूत्रों के मुताबिक कुछ संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि तस्करी में किसी अंदरूनी व्यक्ति की मदद तो नहीं ली गई।
सम्बंधित ख़बरें
‘गुलाटी मारने वाला समाज’ बयान पर बढ़ा बवाल, मुरैना में कुशवाह समाज ने फूंका नरेंद्र सिंह तोमर का पुतला
दतिया में आज कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, निकाला जाएगा विजयी जुलूस, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी होंगे शामिल
पुरंदर एयरपोर्ट भूमि अधिग्रहण: सहमति पत्र जमा करने की मियाद 16 अगस्त तक बढ़ी, 92% किसान हुए तैयार
मुरैना के बड़े जैन मंदिर से डेढ़ किलो का चांदी का छत्र चोरी, CCTV में कैद हुआ नकाबपोश चोर
अभी आधिकारिक बयान का इंतजार
हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक डीआरआई, एयरपोर्ट प्रबंधन या एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पूछताछ के बाद किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं। जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हैं।
ये भी पढ़ें : दतिया में आज कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, निकाला जाएगा विजयी जुलूस, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी होंगे शामिल
हाल के समय की बड़ी कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि इंदौर एयरपोर्ट पर हुई यह कार्रवाई हाल के समय की बड़ी सोना तस्करी की घटनाओं में से एक मानी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद डीआरआई मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। फिलहाल एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना किसके लिए लाया गया था और इसे प्रदेश या देश के किस हिस्से तक पहुंचाया जाना था।
