मुरैना के बड़े जैन मंदिर से डेढ़ किलो का चांदी का छत्र चोरी, CCTV में कैद हुआ नकाबपोश चोर
Morena Crime News : मुरैना के श्रीपार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से भगवान सुब्रतनाथ का डेढ़ किलो वजनी चांदी का छत्र चोरी हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: प्रीतेश जैन
जैन मंदिर से चोरी करता युवक (फोटो सोर्स- नवभारत)
Morena Jain Temple Silver Chhatra Theft: मुरैना के मुख्य बाजार स्थित श्रीपार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़े मंदिर में भगवान सुब्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगा करीब डेढ़ किलो वजनी चांदी का छत्र चोरी हो गया। चोर श्रद्धालु बनकर मंदिर में दाखिल हुआ और महज 12 मिनट के भीतर तीन लाख रुपये से अधिक कीमत का चांदी का छत्र लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात हुई इस घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब पुजारी नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। भगवान सुब्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगा चांदी का छत्र गायब देखकर मंदिर प्रबंधन को चोरी का पता चला। इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड मिली।
पहले हाथ जोड़े, फिर उतार लिया चांदी का छत्र
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात करीब 7:40 बजे चेहरे पर मास्क, साफी और टोपी लगाए एक युवक श्रद्धालुओं के साथ मंदिर में प्रवेश करता है। वह पहले आसपास नजर दौड़ाकर यह सुनिश्चित करता है कि कोई उसे देख नहीं रहा है। इसके बाद भगवान के सामने हाथ जोड़कर प्रतिमा के ऊपर लगे चांदी के छत्र को खोलना शुरू कर देता है। करीब 12 मिनट की मशक्कत के बाद वह छत्र को अपने थैले में रखकर आराम से मंदिर से बाहर निकल जाता है।
सम्बंधित ख़बरें
एमपी में कमजोर पड़ा मानसून: 18% कम हुई बारिश, 43 जिले औसत से पीछे, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सोशल मीडिया का खतरनाक जाल: 12वीं की छात्रा को बनाया बंधक, सर्विलांस की मदद से नागपुर पुलिस ने ऐसे कराया मुक्त
पेंचवैली एक्सप्रेस के AC कोच में लगी आग, धुएं से मची अफरा-तफरी, 72 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
जाग गई कांग्रेस…दिल्ली में MP संगठन को लेकर हुई बैठक, 6 जिला अध्यक्षों की छुट्टी तय; इन नेताओं पर गिरेगी गाज
पांच साल पहले श्रद्धालु ने किया था दान
मंदिर प्रबंधन के अनुसार तीन परतों वाला यह चांदी का छत्र करीब पांच वर्ष पहले एक श्रद्धालु ने मंदिर को भेंट किया था। वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से इसकी कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है।
ये भी पढ़ें : एमपी में कमजोर पड़ा मानसून: 18% कम हुई बारिश, 43 जिले औसत से पीछे, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
मुरैना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में आरोपी का हुलिया स्पष्ट दिखाई दे रहा है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।
