‘गुलाटी मारने वाला समाज’ बयान पर बढ़ा बवाल, मुरैना में कुशवाह समाज ने फूंका नरेंद्र सिंह तोमर का पुतला
Morena Kushwaha Community Portest: मुरैना में नरेंद्र सिंह तोमर के 'गुलाटी मारने वाला समाज' बयान पर विवाद गहरा गया। जोरा में कुशवाह समाज ने पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया और माफी की मांग की है।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: प्रीतेश जैन
मुरैना में कुशवाह समाज का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Narendra Singh Tomar Kushwaha Society Statement: मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के एक बयान को लेकर मुरैना में सियासी और सामाजिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। “गुलाटी मारने वाला समाज” कहे जाने से नाराज कुशवाह समाज अब सोशल मीडिया से निकलकर सड़कों पर उतर आया है।
बुधवार को मुरैना जिले के जोरा कस्बे में समाज के लोगों ने तिकोनिया पार्क में जमा होकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बयान वापस लेने और समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
बयान के बाद बढ़ी नाराजगी
दरअसल, दो दिन पहले आयोजित एक कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा था कि कुशवाह समाज “गुलाटी मारने वाला” समाज है। उन्होंने यह भी कहा था कि लोकतंत्र में सम्मान उसी को मिलता है, जो “एक खूंटे से बंधा रहता है।” इस बयान के सामने आने के बाद कुशवाह समाज के एक वर्ग में नाराजगी बढ़ गई। समाज के लोगों का कहना है कि इस टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं और पूरे समाज का अपमान हुआ है। इसी को लेकर विभिन्न स्थानों पर विरोध की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर एयरपोर्ट पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, आबूधाबी से आए यात्री के पास से करीब एक किलो सोना जब्त
दतिया में आज कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, निकाला जाएगा विजयी जुलूस, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी होंगे शामिल
मुरैना के बड़े जैन मंदिर से डेढ़ किलो का चांदी का छत्र चोरी, CCTV में कैद हुआ नकाबपोश चोर
एमपी में कमजोर पड़ा मानसून: 18% कम हुई बारिश, 43 जिले औसत से पीछे, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भाजपा की सफाई, लेकिन विरोध जारी
विवाद बढ़ने के बाद भाजपा के कुछ जनप्रतिनिधियों ने नरेंद्र सिंह तोमर के बयान का अलग संदर्भ बताते हुए सफाई भी दी है। उनका कहना है कि बयान का आशय समाज का अपमान करना नहीं था, बल्कि राजनीतिक संदर्भ में बात कही गई थी। इसके बावजूद कुशवाह समाज इस सफाई से संतुष्ट नजर नहीं आ रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक विधानसभा अध्यक्ष सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और अपना बयान वापस नहीं लेते, तब तक विरोध जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : इंदौर एयरपोर्ट पर डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, आबूधाबी से आए यात्री के पास से करीब एक किलो सोना जब्त
आंदोलन तेज करने का ऐलान
जोरा में डॉ. रामसिया कुशवाह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज अपने सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा। कुशवाह समाज के पदाधिकारियों ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान करते हुए बताया कि गुरुवार को परसोटा तिराहे पर एक और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। समाज का कहना है कि यदि जल्द ही बयान पर स्पष्टता और माफी नहीं आई तो आंदोलन को जिले से बाहर प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।
