देपालपुर में दर्दनाक घटना: दो सगी बहनों की मौत से हड़कंप, उल्टी के बाद बिगड़ी हालत, जांच में जुटा विभाग
Child Death Mystery Indore: देपालपुर में 2 सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उल्टी होने के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक ने घर पर और दूसरी बहन ने अस्पताल में दम तोड़ा।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
पीड़ित परिवार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Indore Sisters Death News: इंदौर जिले के देपालपुर के वार्ड नंबर 6 स्थित एक मोहल्ले में दो सगी मासूम बहनों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मजदूर परिवार की इन बच्चियों की उम्र लगभग 6 और 8 साल बताई जा रही है। दोनों बच्चियां लगातार पानी पी रही थीं और बार-बार उल्टियां होने की शिकायत के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई।
परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर दोनों बच्चियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बच्ची की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची ने घर पर ही दम तोड़ दिया।
हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। मामला जिला स्वास्थ्य अधिकारी तक पहुंचने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देपालपुर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और परिवार के अन्य सदस्यों को जांच के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मृतक बच्चियों की मां और परिवार की एक अन्य बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर है। अधिकारियों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर रेफर किया जा सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
राहुल गांधी मानहानि केस: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई, फैसले पर सभी की नजरें
इंदौर में पानी संकट पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ‘गुमशुदा पानी’ की FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे नेता
केंद्र सरकार ने 14 खरीफ फसलों की MSP में बढ़ोतरी को दी मंजूरी, सीएम मोहन यादव ने जताया आभार
ग्वालियर होटल स्विमिंग पूल हादसा: 7 वर्षीय वेद की डूबने से मौत, कब्र से शव निकालकर कराया पोस्टमॉर्टम
घर के आसपास पसरी थी गंदगी
वहीं, निजी अस्पताल में हुई एक बच्ची की मौत के बाद उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया है और विसरा जांच के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जांच के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर के आसपास गंदगी और नाली-चौक की खराब स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब है, जिस पर सुधार की जरूरत है।
इंदौर नगर निगम लापरवाह
डॉ. माधव हसानी ने कहा कि मृतक बच्चियों के घर के आसपास पूरे इलाके में गंदगी फैली हुई है, जिसके चलते उन्होंने देपालपुर एसडीएम कार्यालय और नगर परिषद सीएमओ को सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए पत्र लिखा है। उन्होंने यह भी बताया कि देपालपुर को स्वच्छता सुधार के लिए नगर निगम इंदौर नगर निगम द्वारा गोद लिया गया है, लेकिन जमीनी हालात अब भी संतोषजनक नहीं हैं, जो व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं।
ये भी पढ़ें: भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट विवाद: कब्रिस्तान और वक्फ जमीन पर निर्माण को लेकर आज सुनवाई, रोक लगाने की है मांग
मेयर ने जताया दुख
इस घटना पर इंदौर मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और जैसे ही उन्हें इसकी जानकारी मिली, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
