ग्वालियर में लव जिहाद का मामला: पहचान छिपाकर शादी का आरोप, धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना का केस दर्ज
Gwalior Crime News : ग्वालियर में कथित लव जिहाद का मामला सामने आया है। महिला ने पहचान छिपाकर शादी, धर्म परिवर्तन का दबाव और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
पीड़िता (फोटो सोर्स- नवभारत)
Gwalior Love Jihad Case : ग्वालियर में लव जिहाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर उससे विवाह किया और बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के घासमंडी क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि करीब 15 वर्ष पहले अयूब खान ने अपनी पहचान छिपाकर उससे शादी की थी। महिला का कहना है कि विवाह के लगभग तीन वर्ष बाद एक बेटी का जन्म हुआ। इसके बाद आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की गई। महिला ने शिकायत में यह भी कहा कि आरोपी उसे 10 लाख रुपये में बेचने और जान से मारने की धमकी देता था। महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से चार बच्चों का पिता है और उसने यह तथ्य भी विवाह से पहले छिपाया था।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में युवती की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़, मां और भाई गिरफ्तार
मध्य प्रदेश में 213 सरकारी शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म, विधानसभा के मानसून सत्र से पहले स्कूल लौटने के निर्देश
अलीराजपुर में मंत्री संपत्तिया उइके के बदले सुर, पहले ‘शराब कारोबारी’ कहा, अब बोलीं- नागर सिंह मेरे भाई हैं
बीजेपी मंडल अध्यक्ष के जन्मदिन पर बुलेट से पटाखे, वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने पहुंचे
मामले की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता पीड़िता के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थाने परिसर में संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे।
ये भी पढे़ं : मध्य प्रदेश में 213 सरकारी शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म, विधानसभा के मानसून सत्र से पहले स्कूल लौटने के निर्देश
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
ग्वालियर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी अयूब खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें तलाश में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
