जेएएच अस्पताल में पार्किंग वसूली का खेल उजागर, सहायक अधीक्षक से वसूले 50 रुपये, संचालक पर 50 हजार का जुर्माना
Gwalior JAH News : JAH अस्पताल में पार्किंग शुल्क में ओवरचार्जिंग का मामला सामने आया। सहायक अधीक्षक से 20 की जगह 50 रुपये वसूले जाने पर पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगा है।
- Reported By: निशांत तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
जयारोग्य अस्पताल और ओवरचार्जिंग करने वाले पार्किंग कर्मचारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
JAH Hospital Parking Overcharging: ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) में पार्किंग शुल्क को लेकर लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बीच एक बड़ा खुलासा सामने आया है। अस्पताल परिसर में निर्धारित दर से अधिक पार्किंग शुल्क वसूले जाने की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। खास बात यह है कि ओवरचार्जिंग का मामला खुद अस्पताल के सहायक अधीक्षक के साथ सामने आया, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार जेएएच के सहायक अधीक्षक डॉ. एम.एल. माहौर अस्पताल परिसर में अपनी चार पहिया वाहन लेकर पहुंचे थे। वाहन पार्क करने के बाद उनसे 50 रुपये पार्किंग शुल्क लिया गया, जबकि टेंडर की शर्तों के अनुसार चार पहिया वाहन के लिए पार्किंग शुल्क केवल 20 रुपये निर्धारित है।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
अधिक शुल्क वसूले जाने पर डॉ. माहौर ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया और पार्किंग की रसीद भी प्राप्त की। रसीद में 50 रुपये शुल्क दर्ज था, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही है। इसके बाद मामला अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में आया। बताया जा रहा है कि जेएएच अस्पताल में पार्किंग शुल्क को लेकर पहले भी कई शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। मरीजों और उनके परिजनों ने आरोप लगाया था कि पार्किंग ठेकेदार नियमों के विपरीत अतिरिक्त शुल्क वसूल रहा है। इसके अलावा कुछ लोगों ने पार्किंग कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की थी।
सम्बंधित ख़बरें
नर्मदापुरम: स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर ताबूत में लेटे कांग्रेस नेता, अस्पताल में किया अनोखा प्रदर्शन
भोपाल एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों की हड़ताल टली, वीवीआईपी मूवमेंट के चलते प्रशासन ने नहीं दी अनुमति
मध्य प्रदेश में यूसीसी के लिव-इन प्रावधानों पर बढ़ा विवाद, राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों ने जताई आपत्ति
परिजनों की दहशत ने ली प्रेमी जोड़े की जान: कटनी की युवती और दमोह के युवक का तालाब में मिला शव, भिड़े परिजन
ठेकेदार पर लगाया 50 हजार का जुर्माना
इन शिकायतों के आधार पर पूर्व में अस्पताल प्रशासन द्वारा पार्किंग ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया था और निर्धारित दरों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद ओवरचार्जिंग की शिकायतें जारी रहीं। अब जब अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ ही ऐसा मामला सामने आया तो प्रशासन ने सख्त कदम उठाए। अस्पताल प्रबंधन ने पार्किंग संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में टेंडर में निर्धारित शुल्क के अनुसार ही पार्किंग राशि वसूली जाए।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में यूसीसी के लिव-इन प्रावधानों पर बढ़ा विवाद, राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों ने जताई आपत्ति
ठेकेदार को दी गई चेतावनी
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा इस प्रकार की शिकायत सामने आती है तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जयारोग्य अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जाए तो इसकी जानकारी तत्काल अस्पताल प्रबंधन को दें।
