गुना में BJP विधायक पन्नालाल शाक्य बोले- सातवें जन्म तक लड़ूंगा चुनाव, 1977 से अब तक होती रही टांग खिंचाई

Pannalal Shakya Statement : गुना में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने 1977 से शुरू हुए अपने राजनीतिक संघर्ष और 2008 में टिकट कटने का किस्सा सुनाया। सातवें जन्म तक विधायक का चुनाव लड़ने का प्रयास करेंगे।
Pannalal Shakya says he will contest MLA election even in his seventh birth
राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में विधायक पन्नालाल शाक्यफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • गुना में भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य का बयान चर्चा में।

  • बोले- सातवें जन्म तक विधायक का चुनाव लड़ने का प्रयास करूंगा।

  • 1977 में 26 साल की उम्र में मिला था पहला चुनावी टिकट।

  • 2008 में टिकट कटने और नौकरी छोड़ने के बाद आर्थिक संकट का किया जिक्र।

  • खिलाड़ियों को लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने की दी सीख।

Guna Pannalal Shakya Seven Births Election Statement : एमपी के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। गुना में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि इस जन्म में विधायक का चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला तो दूसरे, तीसरे, चौथे और यहां तक कि सातवें जन्म तक प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक का चुनाव तो जरूर लड़ेंगे। अपने संबोधन में शाक्य ने 1977 से लेकर 2008 तक टिकट कटने और राजनीतिक बाधाओं का सामना करने के अनुभव भी शेयर किए।

26 साल की उम्र में मिला था पहला टिकट

विधायक पन्नालाल शाक्य ने बताया कि वर्ष 1977 में जब उन्हें पहली बार चुनाव लड़ने का टिकट मिला तब उनकी उम्र महज 26 साल थी। तभी से उनकी राजनीतिक राह में टांग खिंचाई शुरू हो गई थी। ये सिलसिला लंबे समय तक चलता रहा और वर्ष 2008 तक उन्हें कई बार राजनीतिक बाधाओं का सामना करना पड़ा।

2008 में टिकट लगभग तय, लेकिन आखिरी समय पर कट गया

शाक्य ने बताया कि वर्ष 2008 में उनका टिकट लगभग तय हो गया था लेकिन टिकट मिलने के करीब 10 दिन के भीतर फिर ऐसी परिस्थितियां बनीं कि वे चुनाव लड़ने की स्थिति में नहीं रह पाए। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने शासकीय नौकरी तक छोड़ दी थी। नौकरी छोड़ने के बाद आर्थिक स्थिति बिगड़ गई थी और चुनाव की तैयारी में जुटाया गया पैसा भी खत्म हो चुका था। जिस टिकट के भरोसे वे मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे थे वे भी कट गया। उस समय लोग उनका मजाक उड़ाते थे और कहते थे कि देखो ये चुनाव लड़ेंगे।

बोले- टांग खींचने वालों से घबराना नहीं चाहिए

गुना जिले में विधायक ने कहा कि जीवन में ऐसे कई लोग मिलेंगे जो आगे बढ़ने के बजाय आपकी टांग खींचने का प्रयास करेंगे। लेकिन उनसे निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि डेढ़ साल पहले भी उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने और रास्ता रोकने के प्रयास किए गए थे। उन्होंने संगठन के जिलाध्यक्ष के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी मदद से आज वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

सातवें जन्म तक विधायक का चुनाव लड़ने का संकल्प

अपने राजनीतिक संकल्प को दोहराते हुए शाक्य ने कहा कि उन्होंने तय कर लिया था कि चाहे कितनी भी बाधाएं आएं उन्हें विधायक का चुनाव जरूर लड़ना है। यदि इस जन्म में मौका नहीं मिला तो अगले जन्म में प्रयास करेंगे। दूसरे जन्म में नहीं तो तीसरे, चौथे और इसी तरह सातवें जन्म तक कोशिश जारी रखेंगे। उनका ये बयान समारोह में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

खिलाड़ियों को दिया लक्ष्य से नहीं भटकने का संदेश

शाक्य ने खिलाड़ियों और कोचों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में एक लक्ष्य तय करना चाहिए और उसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए। रास्ते में मुश्किलें आएंगी और लोग हतोत्साहित करने की कोशिश करेंगे लेकिन लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं। असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।

Pannalal Shakya says he will contest MLA election even in his seventh birth
बीती बातें : बेटी यशोधरा की जिद के आगे झुकी थीं राजमाता विजया राजे सिंधिया, पैरोल पर आईं तो सताई शादी की चिंता

दस संभागों की टीमों ने मार्चपास्ट कर दी सलामी

गुना जिले में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश के दस संभागों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में प्रतियोगिता ध्वज का वंदन किया गया और खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ ली। पांच दिवसीय यह प्रतियोगिता 16 से 20 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।