बीती बातें : बेटी यशोधरा की जिद के आगे झुकी थीं राजमाता विजया राजे सिंधिया, पैरोल पर आईं तो सताई शादी की चिंता

The Last Maharani of Gwalior: An Autobiography में राजमाता ने खोले निजी जिंदगी के कई दिलचस्प राज । सिद्धार्थ भंसाली से शादी करना चाहती थीं यशोधरा। मां की पसंद के रिश्ते को ठुकराकर लिया था अपना फैसला
Vijaya Raje Scindia and daughter Yashodhara marriage story
विजया राजे सिंधिया की आत्मकथा में बेटी यशोधरा की शादी का दिलचस्प प्रसंग।फोटो सोर्स - डिजाइन इमेज
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • विजया राजे सिंधिया की आत्मकथा में बेटी यशोधरा की शादी का दिलचस्प प्रसंग।

  • आपातकाल के दौरान गिरफ्तारी के बाद मेडिकल आधार पर मिली थी पैरोल।

  • यशोधरा सिद्धार्थ भंसाली से शादी करना चाहती थीं।

  • विजया राजे को ये रिश्ता पसंद नहीं था, उन्होंने दूसरा लड़का भी चुना था।

  • बेटी ने साफ कहा था- शादी करूंगी तो सिद्धार्थ से ही।

  • आखिरकार राजमाता को बेटी के फैसले के आगे सहमति देनी पड़ी।

  • शादी के रिसेप्शन के दिन इंदिरा गांधी की चुनावी हार की खबर आई थी।

Vijaya Raje Scindia Yashodhara Marriage Story : ग्वालियर रियासत की अंतिम महारानी और देशभर में राजमाता के नाम से लोकप्रिय रहीं विजया राजे सिंधिया की जिंदगी राजनीति, राजशाही, संघर्ष और पारिवारिक रिश्तों के कई दिलचस्प किस्सों से भरी रही है। उनकी आत्मकथा 'द लास्ट महारानी ऑफ ग्वालियर: एन ऑटोबायोग्राफी' में ऐसा ही एक प्रसंग सामने आता है, जब आपातकाल के दौरान जेल में बंद राजमाता को पैरोल पर रिहाई मिली तो राजनीतिक और संपत्ति से जुड़े मामलों के साथ उन्हें बेटी यशोधरा राजे सिंधिया की शादी की चिंता भी सताने लगी थी। यशोधरा उस समय 21 साल की थीं और सिद्धार्थ भंसाली से शादी करने का फैसला कर चुकी थीं, जबकि उनकी मां इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थीं।

जेल से पैरोल पर आईं तो बेटी की शादी बनी चिंता

आत्मकथा में विजया राजे सिंधिया ने लिखा है कि आपातकाल के दौरान कई नेताओं के साथ उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में मेडिकल आधार पर उन्हें पैरोल मिल गई। उन्होंने अपनी रिहाई को लेकर लिखा, 'जेल गई राजनीतिक कारणों से थी, बाहर घरेलू वजह से निकली थी।' जेल से बाहर आने के बाद उनके सामने दो बड़ी चिंताएं थीं। पहली, अपनी संपत्ति को सरकार के कब्जे से बचाना और दूसरी, बेटी यशोधरा की शादी करवाना। पैरोल के दौरान परिवार दिल्ली में एक साथ था, लेकिन वहां उनके पास ऐसा कोई घर नहीं था जहां पूरा परिवार आराम से रह सके। ऐसे में परिवार कुछ समय के लिए उनकी सिरैमिक फैक्ट्री के मैनेजर के बंगले में रहा।

संन्यास लेने का भी आया था विचार

विजया राजे कुछ समय के लिए दतिया गईं जहां उन्होंने अपने गुरु महाराज से मुलाकात की। वहां उन्हें सुकून मिला और उन्होंने अपने लिए कुछ कमरे भी बनवा लिए। इस दौरान उनके मन में सब कुछ छोड़कर संन्यास लेने का विचार आया। दिल्ली लौटने के बाद उन्होंने वकील को बुलाकर अपनी संपत्ति से अधिकार छोड़ने से जुड़े दस्तावेज तैयार करने के लिए कहा। हालांकि वकील तीन सप्ताह तक वापस नहीं आया। इस बीच उनका संन्यास लेने का विचार भी बदल गया। दूसरी ओर बेटी यशोधरा अपने फैसले पर अडिग थीं और सिद्धार्थ से शादी करना चाहती थीं।

रेस कोर्स में हुई थी यशोधरा और सिद्धार्थ की मुलाकात

आत्मकथा के मुताबिक यशोधरा राजे सिंधिया की मुलाकात सिद्धार्थ भंसाली से मुंबई के रेस कोर्स में हुई थी। सिद्धार्थ मुंबई के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ कीर्तिलाल भंसाली के सबसे छोटे बेटे थे। उस समय उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई पूरी की थी और एक अस्पताल में इंटर्न के तौर पर काम कर रहे थे। यशोधरा ने पहली मुलाकातों में ही स्पष्ट कर दिया था कि यदि शादी का इरादा नहीं है तो रिश्ते को आगे बढ़ाने का कोई मतलब नहीं है। इसके बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ीं और वे एक दूसरे के करीब आ गए।

मां ने चुना दूसरा रिश्ता बेटी ने शादी से किया इनकार

विजया राजे सिंधिया को सिद्धार्थ और यशोधरा की जोड़ी पसंद नहीं थी। वे इस रिश्ते को बेमेल मानती थीं और बेटी को बार बार सिद्धार्थ को भूल जाने के लिए कहती थीं। उन्होंने यशोधरा के लिए अपनी पसंद का एक दूसरा लड़का भी चुना, लेकिन बेटी उससे मिलने तक को तैयार नहीं हुई। जब मां ने शादी के लिए दबाव बनाया तो यशोधरा ने साफ कह दिया कि उन्होंने फैसला कर लिया है और शादी सिद्धार्थ से ही करेंगी। मां के ये पूछने पर कि अगर परिवार ने मंजूरी नहीं दी तो क्या होगा, यशोधरा का जवाब था कि वे जिंदगी भर शादी नहीं करेंगी।

बेटी के फैसले के आगे झुकना पड़ा

विजया राजे ने अपनी आत्मकथा में लिखा कि बेटी की बात सुनकर उन्हें अपनी मां का एक पुराना किस्सा याद आ गया। उनके माता पिता ने भी एक बार उन्हें एक लड़के की तस्वीर दिखाकर शादी के लिए कहा था, लेकिन उनकी मां ने भी अपनी पसंद के मामले में ऐसा ही दृढ़ जवाब दिया था। इसके बावजूद विजया राजे को उम्मीद थी कि समय के साथ यशोधरा अपना फैसला बदल देंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आखिरकार उन्हें बेटी की जिद के आगे झुकना पड़ा और सिद्धार्थ भंसाली से शादी के लिए सहमति देनी पड़ी।

Vijaya Raje Scindia and daughter Yashodhara marriage story
बेटी राशा और बेटे के साथ महाकाल के दरबार पहुंचीं रवीना टंडन, शयन आरती में हुईं शामिल

शादी के दिन सामने आया इंदिरा गांधी की हार का नतीजा

आत्मकथा में दिए गए विवरण के अनुसार, यशोधरा और सिद्धार्थ की शादी 9 मार्च 1977 को तय हुई थी। 20 मार्च को भंसाली परिवार ने मुंबई में रिसेप्शन आयोजित किया। यह वही दिन था जब आपातकाल के बाद हुए लोकसभा चुनाव के नतीजे भी सामने आ रहे थे। समारोह के दौरान खबर आई कि रायबरेली सीट पर इंदिरा गांधी को राज नारायण ने हरा दिया है। विजया राजे सिंधिया खुद चुनावी राजनीति में उतरने वाली सिंधिया परिवार की पहली सदस्य थीं। आत्मकथा के इस प्रसंग में वे बताती हैं कि राजशाही और संपत्ति से जुड़े हालात के बीच उन्हें चुनावी राजनीति में भी उतरना पड़ा था।