राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुई डिंडौरी की बेटी शिवानी साहू, दीक्षांत समारोह में मिले दो गोल्ड मेडल
Dindori RDVV Convocation News : डिंडौरी की छात्रा शिवानी साहू को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दो स्वर्ण पदक मिले। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित किया गया।
- Reported By: दीपक ताम्रकार | Edited By: प्रीतेश जैन
राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित शिवानी साहू (फोटो सोर्स- नवभारत)
Shivani Sahu President Award: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के 36वें दीक्षांत समारोह में डिंडौरी जिले की होनहार छात्रा शिवानी साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। शहपुरा क्षेत्र के ग्राम बरगांव निवासी और शासकीय स्नातक महाविद्यालय शहपुरा की छात्रा शिवानी को इस अवसर पर दो स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। यह सम्मान उन्हें देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्राप्त हुआ, जिससे यह उपलब्धि और भी गौरवपूर्ण बन गई।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कुल 20 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए, जिनमें डिंडौरी की शिवानी साहू भी शामिल रहीं। समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति ने इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
शिवानी को मिले 2 गोल्ड मेडल
शिवानी साहू ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा के दम पर दोहरी उपलब्धि हासिल की। उन्हें पहला स्वर्ण पदक हिंदी विषय में स्नातक स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए दिया गया, जबकि दूसरा स्वर्ण पदक हिंदी साहित्य में प्रथम श्रेणी में सर्वोच्च अंक हासिल करने पर प्रदान किया गया। एक ही मंच पर दो स्वर्ण पदक प्राप्त कर शिवानी ने न केवल अपने महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
सम्बंधित ख़बरें
दिल्ली में मध्य प्रदेश के नेताओं की बढ़ी सक्रियता, PM और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकातों ने बढ़ाई सियासी चर्चा
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1.50 करोड़ के 25 हजार लीटर घी की बिक्री पर रोक
खंडवा : हॉस्टल के खाने में मिले इल्ली और कीड़े, भोजन की थाली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, कार्रवाई की मांग
प्राथमिक शिक्षक भर्ती में D.El.Ed डिग्री विवाद, भोपाल में DPI के बाहर अभ्यर्थियों का महाधरना
परिवार ने बताया गर्व का क्षण
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद शिवानी और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता बाबूलाल साहू और माता सावित्री देवी ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी ने पूरे परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, बरगांव, करौंदी और शहपुरा में उत्साह का माहौल बन गया।
ये भी पढ़ें : योग दिवस कार्यक्रम में भावुक दृश्य: विधायक के पैरों में गिरी दिव्यांग महिला, व्हीलचेयर की लगाई गुहार
शिवानी बनीं सफलता की मिसाल
स्थानीय शिक्षकों और लोगों ने शिवानी की सफलता को प्रेरणादायक बताया है। उनका कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का इस तरह राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है। डिंडौरी जिले से निकलकर राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करना निश्चित ही क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है और यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार करती है।
