छतरपुर में दलित दूल्हे की घोड़ी चढ़ने पर विवाद, विरोध के बाद पुलिस सुरक्षा में निकली राछ; जानें पूरा मामला
Chhatarpur Atrocity Case: एमपी के छतरपुर में पुलिस कमान की मुस्तैदी, बोंड़ा गांव में विरोध के बीच पुलिस सुरक्षा में निकली दलित दूल्हे की राछ, उपद्रवियों को सख्त चेतावनी।
- Written By: सजल रघुवंशी
छतरपुर न्यूज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Dalit Groom Horse Procession Issue: छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोंड़ा में एक दलित दूल्हे के घोड़ी पर बैठकर राछ निकालने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मामला उस समय सामने आया जब विवाह की पारंपरिक रस्म निभाने निकले दूल्हे का कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था के बीच राछ को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
विवाह की रस्म के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार ग्राम बोंड़ा निवासी 24 वर्षीय अजय अहिरवार, पिता उमराव अहिरवार की शादी टीकमगढ़ जिले के कुंअरपुरा गांव में तय हुई है। विवाह से पहले होने वाली पारंपरिक रस्मों के तहत शुक्रवार को अजय घोड़े पर सवार होकर गांव के विभिन्न देवस्थलों पर आशीर्वाद लेने निकला था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसके घोड़ी पर बैठने को लेकर आपत्ति जताई। देखते ही देखते मामला तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
सम्बंधित ख़बरें
सीधी: CMHO के छापे में खुली चुरहट अस्पताल की पोल, डॉक्टर समेत कर्मचारी गायब; दवा संकट और गंदगी पर फूटा गुस्सा
दतिया में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जीत के बाद निकला भव्य विजय जुलूस; उमंग सिंगार ने जनता से किया वादा
रीवा में सूने मकान पर चोरों का बड़ा धावा; ताला तोड़कर 5-6 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश
उज्जैन के इस मंदिर में 15 नहीं बल्कि 11 अगस्त को मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस; जानें इसके पीछे की दिलचस्प कहानी
परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दूल्हे के परिजनों ने तुरंत डायल-112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ईशानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और उन्हें समझाइश देकर माहौल शांत करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर लगातार नजर रखी गई जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस निगरानी में निकाली गई राछ
छतरपुर जिले की ईसानगर पुलिस की तत्परता के चलते मामला आगे नहीं बढ़ा और दूल्हे की राछ सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी भी प्रकार का टकराव नहीं हुआ। दूल्हा घोड़े पर सवार होकर गांव के निर्धारित मार्गों से गुजरा और पारंपरिक रस्म पूरी की गई। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
यह भी पढ़ें: खंडवा में रील के चक्कर में पहुंचे ‘लॉकअप’, तांत्रिक बनकर फैलाया डर; व्यूज पानी की चाहत में उठाया कदम
स्थिति नियंत्रण में, निगरानी जारी- पुलिस
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल बल भेजा गया था। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील भी की है।
