मध्य प्रदेश में 4 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का आदेश जारी, 12 से 18 मई तक होगी स्कूल चॉइस फिलिंग
MP Teacher Recruitment 2026: मध्य प्रदेश सरकार ने 4 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। अभ्यर्थियों को 18 मई तक ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों का चयन करना होगा।
- Written By: प्रीतेश जैन
जॉइनिंग की मांग करते चयनित अभ्यर्थी (फोटो सोर्स- नवभारत)
MP Teacher Joining News: मध्य प्रदेश सरकार ने लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 4 हजार प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। बुधवार को भोपाल स्थित DPI कार्यालय के सामने प्रदर्शन के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
चयनित अभ्यर्थियों को 12 मई से 18 मई 2026 के बीच ऑनलाइन माध्यम से स्कूलों का चयन (चॉइस फिलिंग) करना होगा। यह प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पूरी की जाएगी। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। सरकार सभी योग्य उम्मीदवारों को समय पर नियुक्ति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
2022 में शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया
अभ्यर्थियों के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया साल 2022 में शुरू हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई और अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा हुई। लंबी प्रक्रिया के बाद सितंबर 2025 में परिणाम घोषित किया गया था। करीब 10,700 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी होने के बावजूद पिछले 9 महीनों से नियुक्ति प्रक्रिया लंबित थी, जिससे उम्मीदवारों में नाराजगी बढ़ रही थी।
सम्बंधित ख़बरें
सीधी: CMHO के छापे में खुली चुरहट अस्पताल की पोल, डॉक्टर समेत कर्मचारी गायब; दवा संकट और गंदगी पर फूटा गुस्सा
दतिया में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जीत के बाद निकला भव्य विजय जुलूस; उमंग सिंगार ने जनता से किया वादा
रीवा में सूने मकान पर चोरों का बड़ा धावा; ताला तोड़कर 5-6 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश
उज्जैन के इस मंदिर में 15 नहीं बल्कि 11 अगस्त को मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस; जानें इसके पीछे की दिलचस्प कहानी
ऑनलाइन भरनी होगी स्कूल चॉइस
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार माध्यमिक शिक्षक और प्राथमिक शिक्षक (खेल, संगीत, गायन-वादन, नृत्य) पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्कूलों का चयन करना होगा। अभ्यर्थियों को अपने आवंटित संभाग या जिले के सभी स्कूलों को प्राथमिकता क्रम में भरना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल शुल्क जमा करने के बाद ही चॉइस फिलिंग प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।
समय सीमा से चूके तो मनपसंद स्कूल मिलने की संभावना कम
विभाग ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में स्कूल विकल्प नहीं भरने वाले अभ्यर्थियों को बाद में बची हुई रिक्तियों के आधार पर स्कूल आवंटित किए जाएंगे। ऐसे में पसंदीदा स्कूल मिलने की संभावना कम हो सकती है। इसके अलावा चॉइस फिलिंग से जुड़े किसी भी प्रकार के दावे बाद में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को समय पर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : MP में आज कांग्रेस का ‘महाजाम’, किसानों के मुद्दों को लेकर NH-52 पर जगह-जगह आंदोलन
दस्तावेज सत्यापन के बाद होगी अंतिम नियुक्ति
सशर्त चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की स्थिति तय की जाएगी। इसके बाद अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होगी। विभाग ने उम्मीदवारों से कहा है कि वे एमपी ऑनलाइन के अधिकृत पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें। भर्ती से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं और निर्देश पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे।
