मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में प्रदर्शन न करने पर NSUI के 22 जिला अध्यक्षों को नोटिस, भाजपा ने साधा निशाना
MP Congress News : मध्य प्रदेश कांग्रेस में लेटर वार तेज, मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में प्रदर्शन न करने पर NSUI के 22 जिला अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी, 3 दिन में जवाब मांगा गया।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
कांग्रेस (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
MP NSUI Show Cause Notice: मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह और अनुशासनहीनता का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में जिला स्तर पर तय कार्यक्रम के बावजूद प्रदर्शन न करने पर NSUI के 22 जिला अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई के बाद संगठन में “लेटर वार” की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर NSUI को 16 जून 2026 को राज्यसभा चुनाव में नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में सभी जिलों में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करना था। इसके लिए पहले से ही सभी जिलों को सूचना भेजी गई थी, लेकिन 22 जिलों में यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया।
आदेश की अवहेलना पर सख्त रुख
NSUI कार्यालय सचिव घनश्याम हारोड़े द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित जिला अध्यक्षों ने संगठनात्मक निर्देशों की अनदेखी की है और यह घोर लापरवाही एवं उदासीनता का मामला है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि जिला स्तर पर आंदोलन और पुतला दहन की पूरी जानकारी सोशल मीडिया और संगठनात्मक ग्रुप्स के माध्यम से पहले ही साझा की गई थी, इसके बावजूद कार्यक्रम नहीं हुआ।
सम्बंधित ख़बरें
इंदौर में मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान: राष्ट्रपति का दौरा प्रदेश के लिए गौरव, कांग्रेस पर साधा निशाना
नागदा में लैंक्सेस कंपनी के HCL टैंक में लगी भीषण आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू, कोई हताहत नहीं
महिंद्रा फाइनेंस के ऑफिस में आत्मदाह करने वाले युवक ने तोड़ा दम, बचाने में झुलसे मैनेजर को किया गया एयरलिफ्ट
मुरैना में कांग्रेस पर बरसे BJYM प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर, कहा- मुद्दाविहीन राजनीति कर रहा है विपक्ष
3 दिन के अंदर मांगा जवाब
सभी जिला अध्यक्षों को तीन दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें पद से हटाने तक की प्रक्रिया शामिल हो सकती है।
किन-किन जिलों के अध्यक्षों पर कार्रवाई
नोटिस प्राप्त करने वाले 22 जिला अध्यक्षों में मुरैना, दतिया, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दमोह, सीधी, कटनी, नरसिंहपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी, बैतूल, देवास, उज्जैन, शाजापुर, नीमच, इंदौर, खरगोन, बड़वानी और अलीराजपुर सहित कई जिले शामिल हैं। इन जिलों में ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड, विंध्य, महाकौशल और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल हैं।
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस पूरे घटनाक्रम पर बीजेपी ने भी कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति कांग्रेस में नेतृत्व संकट और अंदरूनी गुटबाजी को उजागर करती है।
आंदोलन नहीं हुआ तो नोटिस जारी करना पड़ा! यह सिर्फ नोटिस नहीं, बल्कि कांग्रेस की स्वीकारोक्ति है कि उसके कार्यकर्ता और युवा अब नेतृत्व के आह्वान पर सड़क पर उतरने को तैयार नहीं हैं। राज्यसभा चुनाव में हार के बाद की नौटंकी से खुद कांग्रेस का कार्यकर्ता सहमत नहीं है। हालात ऐसे हैं… pic.twitter.com/nyFMpHdFY4 — Ashish Usha Agarwal आशीष ऊषा अग्रवाल (@Ashish_HG) June 17, 2026
उन्होंने लिखा कि जब संगठन अपने ही निर्देशों को लागू नहीं करा पा रहा है तो जनता का विश्वास कैसे जीता जाएगा। उन्होंने इसे कांग्रेस की “आंतरिक कमजोरी और गुटबाजी” का उदाहरण बताया।
ये भी पढ़ें : महिंद्रा फाइनेंस के ऑफिस में आत्मदाह करने वाले युवक ने तोड़ा दम, बचाने में झुलसे मैनेजर को किया गया एयरलिफ्ट
संगठन में बढ़ी हलचल
इस घटनाक्रम के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में हलचल बढ़ गई है। जहां एक ओर NSUI पदाधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक विरोधियों को कांग्रेस पर हमला करने का नया मौका मिल गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मामला आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में और गर्मी बढ़ा सकता है।
