Bhopal Janta Quarter Demolition Protest : राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में मकान तोड़ने के प्रशासनिक आदेश के बाद तनाव की स्थिति बन गई है। अपने आशियाने को बचाने के लिए महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सड़क पर उतर आए हैं। रहवासियों की मांग है कि बिना वैकल्पिक आवास की व्यवस्था किए उनके मकान न तोड़े जाएं। इसी विरोध के बीच दो दिन पहले 5 से 6 महिलाओं द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की घटना सामने आई। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया है।
जनता क्वार्टर में करीब 600 मकान हैं। हाउसिंग बोर्ड के रिकॉर्ड के मुताबिक इनमें लगभग 110 मकानों में मूल आवंटी रह रहे हैं जबकि शेष मकानों पर अनधिकृत कब्जे बताए जा रहे हैं। प्रशासन और हाउसिंग बोर्ड की ओर से कुछ दिन पहले मकान खाली करने के नोटिस चस्पा किए गए थे। नोटिस में 13 नवंबर तक मकान खाली करने और 14 नवंबर से तोड़फोड़ की कार्रवाई प्रस्तावित होने की बात कही गई थी। बताया गया है कि नगर निगम पहले ही इन भवनों को जर्जर और रहने के लिहाज से खतरनाक घोषित कर चुका है।
जब नवभारत की टीम ग्राउंड पर पहुंची तो वहां प्रदर्शन के कवरेज के दौरान एक छोटी बच्ची से बातचीत की जिसकी भावुक अपील ने सभी का ध्यान खींचा। बच्ची ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उसके पिता मजदूरी करते हैं। परिवार इसी मकान में रहता है। अगर उनका घर तोड़ दिया गया तो वे कहां जाएंगे? दूसरी जगह जाने पर उसकी पढ़ाई भी छूट सकती है। बच्ची ने प्रशासन से अपील की कि उन्हें अपने घर में रहने दिया जाए। वहीं, एक अन्य 11 साल की बच्ची ने अपनी जिंदगी की मुश्किलें बयां कीं। उसने बताया कि वह सुबह स्कूल जाती है और स्कूल से लौटने के बाद अपने पिता के साथ मजदूरी करने लगती है। छोटी उम्र में पढ़ाई के साथ परिवार की आर्थिक मदद करने वाली बच्ची की बात ने प्रदर्शन के दौरान लोगों को भावुक कर दिया।
मकान तोड़े जाने के विरोध के बीच दो दिन पहले 5 से 6 महिलाओं द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की खबर सामने आई। महिलाओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। रहवासियों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई से उनके परिवारों का भविष्य संकट में पड़ गया है। उनका सवाल है कि यदि मकान तोड़ दिए गए तो वे अपने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर कहां जाएंगे।
भोपाल शहर में शुक्रवार को बड़ी संख्या में जनता क्वार्टर के रहवासी विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हुए। लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके पास रहने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं है। रहवासियों ने मांग की है कि उन्हें मकान के बदले मकान दिया जाए। उनका कहना है कि पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना मकान तोड़ना सैकड़ों परिवारों को बेघर करने जैसा होगा।
हाउसिंग बोर्ड जनता क्वार्टर के जर्जर मकानों को हटाकर पुनर्विकास नीति 2022 के तहत आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाना चाहता है। योजना के अनुसार पात्र मूल आवंटियों को पुराने मकानों की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल वाले नए फ्लैट देने का प्रावधान बताया गया है। निर्माण अवधि के दौरान किराया उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी योजना में शामिल बताई जा रही है।
जनता क्वार्टर में फिलहाल सबसे बड़ा सवाल पुनर्विकास योजना और रहवासियों के पुनर्वास को लेकर है। एक ओर हाउसिंग बोर्ड जर्जर मकानों को हटाकर नया आवासीय परिसर बनाना चाहता है हीं दूसरी ओर रहवासी अपने परिवारों के लिए सुरक्षित आवास की मांग कर रहे हैं।