

Highlights:
भोपाल के ऐशबाग में 40 साल पुराने जनता क्वार्टर शनिवार से तोड़े जाएंगे।
कार्रवाई से पहले पांच महिलाओं ने खाई चूहे मारने की दवा।
तीन महिलाओं को हमीदिया अस्पताल में कराया गया भर्ती।
हाउसिंग बोर्ड ने 110 परिवारों को वैध और 490 को अतिक्रमणकारी बताया।
Bhopal Aishbagh Janta Quarters Demolition : राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित हाउसिंग बोर्ड के 40 साल पुराने जर्जर जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शनिवार से शुरू होने जा रही है। इससे यहां रहने वाले करीब 600 परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।
इसी बीच गुरुवार को पांच महिलाओं ने चूहे मारने की दवा खा ली। इनमें से तीन महिलाओं को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
भर्ती महिलाओं की पहचान कमला बाई (60), सीमा (32) और लइका बी (65) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी नईम के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद महिलाओं को ऑटो से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। महिलाओं का कहना है कि उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे किराए का मकान लेकर रह सकें।
जनता क्वार्टर के रहवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से पानी और कचरे का टैक्स भरते आ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें बिना लिखित नोटिस मकान खाली करने के लिए कहा जा रहा है। रहवासियों के मुताबिक, पहले उनके मकानों से जुड़े दस्तावेज भी जमा कराए गए थे। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान वे अपने कमरों में अंदर से ताला लगा लेंगी। उनका कहना है कि सड़क या फुटपाथ पर रहने से बेहतर है कि वे अपने घरों में ही रहें।
रहवासियों के मुताबिक, जिन लोगों के पास मकानों की रजिस्ट्री है, उन्हें पहले नया मकान देने की बात कही गई थी। अब उन्हें हर महीने 1,400 रुपए किराया देने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। वहीं, नोटरी के आधार पर मकान खरीदने वाले लोगों को सामान हटाने के लिए कहा जा रहा है। परिवारों का कहना है कि मौजूदा आर्थिक स्थिति में वे 5 से 7 हजार रुपए महीने का किराया और बिजली बिल चुकाने में सक्षम नहीं हैं।
भोपाल हाउसिंग बोर्ड के मुताबिक, जनता क्वार्टर में रहने वाले 600 परिवारों में से 110 वैध हितग्राही हैं, जबकि 490 परिवार अतिक्रमणकारी हैं। बोर्ड का कहना है कि रहवासियों को लंबे समय से नोटिस दिए जा रहे हैं। वैध हितग्राहियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए किराए की व्यवस्था की जा रही है। अब तक 57 परिवारों ने सहमति पत्र दिए हैं, जबकि 10 से 11 परिवारों के किराया एग्रीमेंट भी हो चुके हैं।
करीब चार दशक पुराने जर्जर जनता क्वार्टरों को हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। शनिवार से कार्रवाई शुरू होने की बात कही जा रही है। हालांकि, रहवासियों के विरोध और पांच महिलाओं के जहरीला पदार्थ खाने की घटना के बाद मामला संवेदनशील हो गया है। अब कार्रवाई के दौरान प्रशासन के सामने रहवासियों के पुनर्वास और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती होगी।