

महाकाल मंदिर में प्रतिबंध के बावजूद फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का मामला।
रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिर परिसर में वीडियो बनाने का क्लिप हुआ था वायरल।
जांच में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही आई सामने।
Three Security Guards Dismissed After Viral Reel Ujjain: उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में प्रतिबंध के बावजूद फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी किए जाने के मामले में मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर रुद्राक्ष शुक्ला (इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के बेटे) का मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे।
मंदिर परिसर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद वायरल वीडियो में नियमों का उल्लंघन सामने आने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही कंपनी की भूमिका की जांच कराई। जांच में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही सामने आई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने संबंधित कोर सुरक्षा कंपनी पर 5 लाख रुपए का आर्थिक जुर्माना लगाया है। समिति ने माना कि मंदिर परिसर में प्रतिबंधित गतिविधियों को रोकना सुरक्षा एजेंसी की जिम्मेदारी है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
मामले में ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई है। मंदिर प्रबंध समिति ने लापरवाही बरतने वाले तीनों गार्ड को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इस कार्रवाई के जरिए मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मंदिर की सुरक्षा और निर्धारित नियमों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने दोहराया है कि मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है। श्रद्धालुओं से भी मंदिर के नियमों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।