स्लॉटर हाउस वित्तीय अनियमितता मामले में EOW की जांच तेज, शिकायतकर्ता अभिनव बरौलिया के बयान दर्ज
Abhinav Barolia Statement: भोपाल स्लॉटर हाउस वित्तीय अनियमितता मामले में EOW ने शिकायतकर्ता अभिनव बरौलिया के बयान दर्ज किए। एजेंसी ने निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए दस्तावेजों की जांच तेज कर दी है।
- Reported By: शिवम दत्त तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
अभिनव बरौलिया (फोटो सोर्स- नवभारत)
Bhopal Slaughter House EOW Case: राजधानी भोपाल के चर्चित स्लॉटर हाउस वित्तीय अनियमितता मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए शिकायतकर्ता अभिनव बरौलिया के बयान दर्ज किए हैं। मामले में कथित वित्तीय गड़बड़ियों और प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद EOW ने जांच शुरू की थी, जिसकी कड़ी में अब शिकायतकर्ता का पक्ष भी आधिकारिक रूप से रिकॉर्ड किया गया है।
अभिनव बरौलिया ने आरोप लगाया था कि स्लॉटर हाउस के संचालन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन में कई स्तरों पर अनियमितताएं हुई हैं। इसी शिकायत के आधार पर EOW ने दस्तावेजों की जांच शुरू की और अब बयान दर्ज कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
निष्पक्ष जांच का भरोसा मिला
बयान दर्ज कराने के बाद अभिनव बरौलिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि EOW अधिकारियों ने उन्हें निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सम्बंधित ख़बरें
राज्यसभा चुनाव: मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर BJP की आपत्ति, कांग्रेस विधायकों के विमान को नहीं मिल रही मंजूरी
अकोला मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर कांग्रेस का हमला, प्रकाश तायडे ने भाजपा को ठहराया जिम्मेदार
भोजशाला पहुंचे भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा, बोले- सत्य स्वीकार करें, यह मां सरस्वती का मंदिर है
उज्जैन में बम धमाके की धमकी से हड़कंप: पाकिस्तानी नंबर से आया मैसेज, टावर चौक पर बढ़ाई गई सुरक्षा
कानूनी कार्रवाई होना जरूरी
बरौलिया ने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति की भूमिका वित्तीय गड़बड़ी, नियमों के उल्लंघन या भ्रष्टाचार में पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है। उनका कहना है कि कानून के सामने सभी समान हैं और दोषी चाहे किसी भी पद या प्रभाव वाला व्यक्ति क्यों न हो, उसे जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी
उन्होंने दावा किया कि भोपाल स्लॉटर हाउस मामले की जांच एजेंसी ने यह आश्वासन दिया है कि मामले में किसी भी प्रकार का राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव नहीं आने दिया जाएगा और तथ्यों के आधार पर निष्कर्ष निकाला जाएगा। बरौलिया ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ नहीं, बल्कि गौवंश संरक्षण और सार्वजनिक हित से जुड़े मुद्दों को उजागर करने की दिशा में भी है।
ये भी पढ़ें : MP कैबिनेट के बड़े फैसले: भोपाल मेट्रो को अतिरिक्त बजट, कपास पर मंडी शुल्क आधा, ट्रांसफर 15 जून तक अनिवार्य
EOW कर रही विस्तृत जांच
फिलहाल EOW मामले से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और शिकायत में लगाए गए आरोपों की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद एजेंसी अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। अब इस मामले में EOW की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
