BJP नेता दीपक जोशी और उनकी पत्नी ने शाहपुरा थाने और सायबर क्राइम में दर्ज कराई शिकायत; पूर्व पत्नियों पर आरोप
Deepak Joshi Complaint Against Blackmailing: पूर्व भाजपा मंत्री दीपक जोशी ने पूर्व पत्नियों के खिलाफ भोपाल में दर्ज कराई मानहानि की शिकायत। व्हाट्सएप ग्रुप बना छवि धूमिल करने का आरोप, जांच शुरू।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: सजल रघुवंशी
पूर्व मंत्री दीपक जोशी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Deepak Joshi Blackmailing Case: मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दीपक जोशी ने अपनी कथित मानहानि को लेकर भोपाल के शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार को दर्ज कराई गई इस शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी दोनों पूर्व पत्नियां सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही हैं। मामले को लेकर पुलिस और साइबर सेल से कार्रवाई की मांग की गई है।
दीपक जोशी का आरोप है कि उनकी पूर्व पत्नियों शिखा मिश्रा और नम्रता जोशी ने व्हाट्सएप पर एक ग्रुप बनाया है, जिसका नाम “मूंगफली दीपक जोशी” रखा गया है। शिकायत के अनुसार इस ग्रुप में उनके लिए अपमानजनक और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। जोशी ने दावा किया है कि उन्हें “छोटी मूंगफली” और “बिना दांत का बुड्ढा” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्ति होने के कारण इस तरह की टिप्पणियां उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसी आधार पर उन्होंने मानहानि का मामला दर्ज कराने की मांग की है।
फेसबुक पर भी सामग्री प्रसारित करने का आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामला केवल व्हाट्सएप तक सीमित नहीं है। दीपक जोशी का आरोप है कि फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसी नाम से सामग्री प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी तस्वीरों को क्रॉप कर भ्रामक तरीके से वायरल करने की धमकी दी जा रही है। जोशी के अनुसार यह पूरा प्रयास सुनियोजित तरीके से उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से इस मामले की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर: सब राहुल गांधी के इशारे पर हुआ…पप्पू यादव की हिंदू विरोधी एक्टिंग से भड़का बजरंग दल; किया प्रदर्शन
मुरैना: शराब ठेकेदार और आबकारी अधिकारियों के कथित ऑडियो-वीडियो वायरल, विभाग पर घूसखोरी के आरोप
सिस्टम की बड़ी लापरवाही..पन्ना में बारिश में बर्बाद हुआ लाखों का अनाज, खुले में सड़ रहा हजारों क्विंटल धान
सागर: जंगल में मिला रहस्यमयी खजाना? राजा बाबा दरबार में सोना, गहने और प्राचीन मूर्तियों की चर्चा से उमड़ी भीड़
तीसरी पत्नी पल्लवी ने भी दर्ज कराई अलग शिकायत
दीपक जोशी की तीसरी पत्नी पल्लवी राज सक्सेना ने भी इस मामले में अलग से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित महिलाएं स्वयं को दीपक जोशी की पत्नी बताकर उनकी वैवाहिक पहचान पर सवाल खड़े कर रही हैं। पल्लवी का कहना है कि उनकी तस्वीरों का भी बिना अनुमति उपयोग किया जा रहा है और उन्हें गलत संदर्भ में प्रसारित करने की धमकियां दी जा रही हैं।
यह भी पढ़ें: अहिल्या नगर में दूषित पानी के चलते लोगो के बीमार होने के आरोप, निगम ने मौके पर जाकर शुरू की अपनी जाँच
DGP और साइबर सेल से कार्रवाई की मांग
दीपक जोशी ने इस मामले की शिकायत साइबर सेल के साथ-साथ मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना को भी भेजी है। इसके अलावा शाहपुरा थाना प्रभारी को अलग से आवेदन सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में मानहानि से संबंधित प्रावधानों और साइबर अपराध से जुड़े कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
