‘देश का विभाजन इतिहास की बड़ी भूल’; डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बोले CM मोहन यादव
Shyama Prasad Mukherjee Martyrdom Day: मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा बयान, समान नागरिक संहिता (UCC) पर राज्य सरकार को मिले 10 लाख से अधिक सुझाव, 6 जुलाई तक मप्र में संस्मरण पक्ष।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: सजल रघुवंशी
मुख्यमंत्री मोहन यादव (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
CM Mohan Yadav Statement: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए उनका संघर्ष हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देश के विभाजन को इतिहास की सबसे बड़ी भूलों में से एक बताते हुए कहा कि इसके दुष्परिणाम आज भी महसूस किए जाते हैं।
देश विभाजन को बताया ऐतिहासिक भूल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिस दिन देश को आजादी मिली, उसी दिन विभाजन की नींव भी रख दी गई थी। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान हजारों निर्दोष लोगों ने अपनी जान गंवाई और लाखों परिवार प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने उन परिस्थितियों का विरोध किया जो राष्ट्र की एकता के लिए चुनौती बन रही थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “एक देश में दो विधान” जैसी व्यवस्थाओं को समाप्त करने के पीछे भी डॉ. मुखर्जी के संघर्ष और विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सम्बंधित ख़बरें
10 हजार रुपये की उधारी मांगना पड़ा भारी; प्रॉपर्टी डीलर के घर बदमाशों ने किए 8 राउंड फायर
उज्जैन में 1-2 हजार का मुनाफा दिखाकर जीता भरोसा; फिर 10.90 लाख रुपये लेकर गायब हुआ साइबर ठग
भोपाल एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों की हड़ताल टली, वीवीआईपी मूवमेंट के चलते प्रशासन ने नहीं दी अनुमति
मध्य प्रदेश में यूसीसी के लिव-इन प्रावधानों पर बढ़ा विवाद, राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों ने जताई आपत्ति
समान नागरिक संहिता पर मिले 10 लाख से अधिक सुझाव
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी सरकार की पहल का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस विषय पर समाज के विभिन्न वर्गों और धर्मों से सुझाव आमंत्रित किए थे। इसके तहत सरकार को 10 लाख से अधिक प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों की भावनाओं और सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया तय करेगी। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” सरकार की कार्यशैली का मूल आधार है।
भाजपा मनाएगी ‘संस्मरण पक्ष’
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा 23 जून से 6 जुलाई तक ‘संस्मरण पक्ष’ के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर डॉ. मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र सेवा पर चर्चा होगी। जिलों में संगोष्ठियां और व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा शैक्षणिक संस्थानों के बाहर छात्र सम्मेलनों का आयोजन करेगा। इसके अलावा प्रमुख मार्गों और चौराहों के नामकरण तथा वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 10 हजार रुपये की उधारी मांगना पड़ा भारी; प्रॉपर्टी डीलर के घर बदमाशों ने किए 8 राउंड फायर
संगठन की ताकत और राष्ट्रहित पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भाजपा संगठन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता को समान सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
