भोपाल में दूषित पानी का खतरा ! पानी में E. coli मिलने का दावा, जानिए कितना खतरनाक होता है ये बैक्टीरिया

Bhopal Contaminated Water : इंदौर के भागीरथपुरा के बाद राजधानी में पेयजल की गुणवत्ता पर सवाल। रहवासी ने निजी जांच में बैक्टीरिया मिलने की बात कही। रहवासी ने पानी में E. coli मिलने का दावा किया।
E.Coli Bacteria Found in Vaishali Nagar Water Sample
भोपाल के वैशाली नगर में दूषित पेयजल की शिकायत सामने आई।फोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • भोपाल के वैशाली नगर में दूषित पेयजल की शिकायत सामने आई।

  • रहवासी विवेक कुमार राय ने पानी में E. coli मिलने का दावा किया।

  • स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब एक साल से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है।

  • नगर निगम में कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप।

E.coli Bacteria Found in Vaishali Nagar Water Sample : इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद मध्यप्रदेश में पेयजल व्यवस्था और पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में भी नल से आने वाले पानी को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। स्थानीय रहवासी का दावा है कि पानी के सैंपल की जांच में E. coli बैक्टीरिया मिला है। उनका कहना है कि इलाके में पिछले करीब एक साल से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है और कई बार नगर निगम में शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

एक साल से गंदे पानी की शिकायत, रहवासी ने कराई जांच

वैशाली नगर के रहवासी विवेक कुमार राय के मुताबिक इलाके में करीब एक साल से नलों के जरिए गंदा पानी आ रहा है। इस संबंध में कई बार नगर निगम में शिकायत की गई लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने पानी का सैंपल जांच के लिए दिया। विवेक कुमार राय का दावा है कि जांच रिपोर्ट में E. coli बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई है।

नगर निगम अध्यक्ष के वार्ड में दूषित पानी मिलने का दावा

इस मामले में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं। वैशाली नगर उसी वार्ड में आता है जहां नगर निगम अध्यक्ष और भाजपा पार्षद किशन सूर्यवंशी का निवास बताया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय रहवासी द्वारा दूषित पानी की शिकायत किए जाने के बाद नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों की मांग है कि पानी की तत्काल जांच कराई जाए और समस्या की वजह का पता लगाया जाए।

कांग्रेस ने नगर निगम पर लगाए आरोप

मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया माली ने नगर निगम पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर किया जा रहा है और ये लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा। वहीं स्थानीय पार्षद और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की।

भागीरथपुरा की घटना के बाद उठे सवाल

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद प्रदेश की पेयजल व्यवस्था की निगरानी पर सवाल उठे थे। अब भोपाल के वैशाली नगर में E. coli मिलने के दावे ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है। सबसे बड़ा सवाल ये है कि यदि एक साल से गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं तो समस्या का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया? क्या नगर निगम ने नियमित रूप से पानी के सैंपल की जांच कराई? क्या पाइपलाइन में लीकेज या सीवेज के पानी की मिलावट की आशंका की पड़ताल हुई? इन सवालों पर नगर निगम का जवाब सामने आना बाकी है।

E. coli बैक्टीरिया कितना खतरनाक?

E. coli यानी एस्चेरिचिया कोलाई एक प्रकार का बैक्टीरिया है। इसकी कुछ प्रजातियां इंसानों में संक्रमण पैदा कर सकती हैं। दूषित पानी के जरिए शरीर में पहुंचने पर हानिकारक प्रकार के E. coli से दस्त, उल्टी, पेट में ऐंठन और कुछ मामलों में खूनी दस्त की समस्या हो सकती है। गंभीर संक्रमण में शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी के साथ किडनी को नुकसान पहुंचने का खतरा भी रहता है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

E.Coli Bacteria Found in Vaishali Nagar Water Sample
भोपाल मेट्रो की टाइमिंग बदली, 16 नवंबर से दोपहर 12 बजे चलेगी पहली ट्रेन, जानें नया टाइम टेबल

पानी की आधिकारिक जांच और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से पानी की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आना जरूरी है। प्रशासन को वैशाली नगर से पानी के सैंपल लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच करानी चाहिए। साथ ही पाइपलाइन में लीकेज और सीवेज की संभावित मिलावट की जांच कर प्रभावित इलाके में सुरक्षित पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। जांच रिपोर्ट आने तक रहवासियों को पानी उबालकर या सुरक्षित फिल्टर किए हुए पानी का इस्तेमाल करना चाहिए।