Highlights :
एमपी में 14 से 16 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस समारोह।
15 नवंबर को धार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे।
सीएम करेंगे डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट का लोकार्पण।
Birsa Munda Jayanti Celebration In Madhya Pradesh : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर एमपी में 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जबलपुर, धार, जोबट और खंडवा में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होंगे। समारोह का मुख्य आकर्षण 15 नवंबर को धार जिले के डही में आयोजित कार्यक्रम रहेगा जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव करीब 1353 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सीएम मोहन यादव की उपस्थिति में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और जोबट तथा 16 नवंबर को खंडवा जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्यपाल और सीएम 15 नवंबर को धार पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सीएम मोहन यादव धार में रोड शो भी करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों से संवाद कर सरकारी योजनाओं के लाभ मिलने की स्थिति का फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत पात्र पट्टेधारियों के प्लॉट और मकानों की रजिस्ट्री का निष्पादन भी अपने समक्ष कराएंगे। कार्यक्रम में जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दिए जाने की भी तैयारी है।
डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों के किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। परियोजना से दोनों जिलों की करीब 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को रबी सीजन में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लगभग 1 लाख 26 हजार किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है। परियोजना के तहत 166.51 मिलियन घनमीटर नर्मदा जल का उद्वहन कर खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इसमें धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांव शामिल हैं।
परियोजना से धार जिले की कुक्षी तहसील में 13180 हेक्टेयर और डही तहसील में 15895 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील में 15963 हेक्टेयर, सोंडवा में 1759 हेक्टेयर और आलीराजपुर तहसील में 1958 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इससे गेहूं, चना, सब्जियों और चारा फसलों के उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और कृषि आय बढ़ाने के नए अवसर मिल सकेंगे।
नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 1353.18 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य 30 जून 2026 को पूरा हो चुका है और फिलहाल परीक्षण का काम जारी है। परियोजना के तहत डही तहसील के ग्राम कातरखेड़ा के पास नर्मदा नदी पर इंटेक संरचना बनाई गई है। यहां से पानी उठाकर आधुनिक दबावयुक्त भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पांच आधुनिक पंप हाउस बनाए गए हैं। परियोजना में करीब 58 किलोमीटर राइजिंग मेन पाइपलाइन का निर्माण भी किया गया है। संचालन के लिए 58.87 मेगावाट बिजली की जरूरत होगी। इसके लिए कुक्षी क्षेत्र के 220 केवी सुसारी सब-स्टेशन और जोबट के 132 केवी सब स्टेशन से विद्युत आपूर्ति की जाएगी।
परियोजना का लाभ किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए 11 से 15 नवंबर तक 85 ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल और कृषि पाठशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें किसानों को जल प्रबंधन, सिंचाई के बेहतर उपयोग, आधुनिक खेती और फसल विविधीकरण के बारे में जानकारी दी जाएगी। धार में जनजातीय गौरव दिवस समारोह स्थल पर ‘स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग’ विषय पर विशेष लाइव प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग संयुक्त रूप से आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। किसानों को खेती के साथ अन्य कृषि आधारित गतिविधियों से आय बढ़ाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
राज्यस्तरीय समारोह के साथ प्रदेश के 88 जनजातीय विकासखंडों में भी जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। शासन ने सभी कलेक्टरों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आयोजन के निर्देश जारी किए हैं। सभी विभागीय हाई स्कूलों, हायर सेकंडरी स्कूलों, विशिष्ट विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रम शालाओं में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। वहीं 16 से 18 नवंबर तक जनजातीय नायकों के योगदान पर आधारित सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम, जनजातीय नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।