सड़क हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस में ले जाती पुलिस।
Jabalpur Accident News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरेला हाईवे पर आज शाम क्रेटा कार ने सड़क किनारे बैठकर खाना खा रहे 13 मजदूरों को रौंदा डाला। सड़क पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
ये सभी मजदूर हाईवे पर लगी ग्रिल पर पेंटिंग का काम कर रहे थे। कार से मजदूरों को रौंदने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
ये मजदूर हाईवे की ग्रिल पर पेंटिंग का काम करने के बाद वहीं बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित कार ने उनको रौंद दिया। पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। इन्होंने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से 2 महिला मजदूरों की मौत हो गई। 13 मजदूर बुरी तरह घायल हुए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पल्लवी शुक्ला ने बताया कि सिग्मा कॉलोनी के सामने एकता चौक के पास रोड पर 24 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। वे दोपहर 1:30 बजे खाना खाने लगे। इसी बीच बरेला से जबलपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट की कार मजूदरों को रौंदते हुए फरार हो गई। उन्होंने बताया कि घटना बाद स्थानीय लोगों ने बरेला पुलिस और डायल 108 को कॉल करके जानकारी दी। कुछ देर में थाना प्रभारी अनिल पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल भिजवाया। 11 घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं। एक की हालत गंभीर है।
यह भी पढ़ें: कोहरा बना काल: ‘पापा पानी बहुत ठंडा है…’, बाउंड्री तोड़कर गहरे पानी में कूदी कार, इंजीनियर की दर्दनाक मौत
जबलपुर में माढ़ोताल स्थित सुरतलाई में सड़क हादसा हुआ। यहां बस ने पहले एक बाइक सवार को रौंदा, उसके बाद सवारियों से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ऑटो सवार 6 लोग घायल हो गए। दोनों सड़क हादसों में घायल लोगों को इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बहरहाल, शहर में बढ़ रहे सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।