

Sustainable Home: घर को सुंदर और स्टाइलिश बनाने के लिए हम अक्सर कभी त्योहार में, तो कभी सेलिब्रेशन के लिए नई सजावटी चीजें खरीदते रहते हैं। कभी कुशन कवर बदलते हैं, कभी छोटे-छोटे डेकोर पीस, तो कभी पर्दे घर में ले आते हैं। देखने में ये बदलाव सुंदर और छोटे-छोटे लग सकते हैं, लेकिन धीरे-धीरे घर में सामान बढ़ता जाता है और उसके साथ कचरा भी।
वर्ल्ड हैबिटेट डे के मौके पर घर को खूबसूरत बनाने का तरीका थोड़ा बदला जाए। हर बार नई चीज खरीदने के बजाय पुराने सामान का दोबारा इस्तेमाल और सोच-समझकर खरीदारी करने की आदत से इस कचरे को कम किया जा सकता है। इससे घर भी क्लीन रहेगा।
घर का लुक बदलने के लिए हर बार नया डेकोर पीस खरीदना जरूरी नहीं है। पुराने कुशन कवर, पर्दे, टेबल रनर या छोटी सजावटी चीजों को अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल करके या उसमें कुछ जोड़ कर कमरे का लुक बदला जा सकता है। एक ही चीज को अलग जगह रखने से भी घर का माहौल काफी बदल जाता है।
सस्ते प्लास्टिक के शोपीस कुछ समय बाद टूट जाते हैं या उनका रंग फीका हो जाता है या पसंद आना बंद हो जाते हैं। उनकी जगह लकड़ी, मिट्टी, मेटल, कांच या दूसरे टिकाऊ मटीरियल से बनी चीजें चुनें। अच्छी क्वालिटी की चीज लंबे समय तक चलती है, इससे बार-बार खरीदारी की जरूरत नहीं पड़ती और पैसा भी बचता है।
घर में कोई जगह खाली दिख रही है तो उसे सजाने के लिए तुरंत कुछ खरीदने की जरूरत नहीं। बहुत ज्यादा सजावट कमरे को भरा-भरा दिखाने के साथ बहुत अव्यवस्थित दिखाता है। घर को थोड़ा खुला और सादा रखने से वह खूबसूरत लगता है और मन को सुकून मिलता है।
ऑनलाइन सेल या ऑफर देखकर डेकोर आइटम एक क्लिक में खरीद लेना आसान है, लेकिन खरीदने से पहले यह जरूर जानें कि क्या मुझे इसकी सच में जरूरत है? अगर आपके पास पहले से ऐसी ही चीज मौजूद है, तो नई खरीदारी को टाल दें। कई बार कुछ दिन इंतजार करने पर खुद समझ आ जाता है कि वह सामान जरूरी था या सिर्फ पसंद आया था।
पुराने कपड़ों को डस्टिंग के लिए, छोटे कवर या दूसरे घरेलू कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है। कांच की बोतलों और डिब्बों को साफ करके स्टोरेज या सजावट के लिए इस्तेमाल करें। इससे पुरानी चीजें रीसाइकिल होती है और घर में बेवजह सामान का ढेर नहीं लगता है।
त्योहार, यात्रा या किसी खास मौके के बाद घर में कई ऐसी चीजें जमा हो जाती हैं जिनका इस्तेमाल दोबारा नहीं होता। महीने में एक बार घर की चीजों को छांटें और देखें कि क्या इस्तेमाल हो रहा है या सिर्फ जगह घेर रहा है। जो चीज अच्छी हालत में है, उसे जरूरतमंद को दे दें।
घर साफ रखने के लिए हर सतह के लिए अलग-अलग क्लीनिंग प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं होती। जितने ज्यादा पैकेज और बोतलें घर में आएंगी, उतना ही पैकेजिंग वेस्ट बढ़ेगा और पर्यावरण को नुकसान होगा। जहां संभव हो, बड़े पैक, रिफिल पैक या दोबारा इस्तेमाल होने वाले क्लीनिंग टूल्स को प्राथमिकता दें।