

रिश्ते में रहते हुए भी अपनी पसंद, हॉबी और पहचान बनाए रखना जरूरी है।
पर्सनल स्पेस से रिश्ते में घुटन और अनावश्यक तनाव कम करने में मदद मिलती है।
एक-दूसरे के पर्सनल स्पेस का सम्मान करने से भरोसा और समझ मजबूत होती है।
Personal Space in Relationship: प्यार में अक्सर लोग एक-दूसरे के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहते हैं। पार्टनर की पसंद को अपनी पसंद बना लेते हैं, दोस्तों से मिलना कम कर देते हैं और अपनी हॉबी तक छोड़ देते हैं। शुरुआत में यह सब प्यार और अपनापन लगता है, लेकिन समय के साथ इंसान अपनी पहचान खोने लगता है। ऐसे में रिश्ते के भीतर पर्सनल स्पेस बनाए रखना जरूरी होता है।
पर्सनल स्पेस का मतलब पार्टनर से दूर रहना या बातें छिपाना नहीं है। इसका अर्थ है कि रिश्ते में रहते हुए भी दोनों को अपनी पसंद, विचार, दोस्ती और मी टाइम जीने की आजादी मिले। आइए समझते हैं कि एक हेल्दी रिलेशनशिप के लिए यह क्यों जरूरी है।
किसी रिश्ते में आने के बाद आपकी पहचान सिर्फ किसी की पत्नी, पति या पार्टनर तक सीमित नहीं होनी चाहिए। आपकी अपनी पसंद, सपने, शौक और लक्ष्य भी हैं। पर्सनल स्पेस आपको इन चीजों से जुड़े रहने का मौका देता है।
जब पार्टनर हर समय साथ रहने, हर बात जानने और हर फैसले में शामिल होने की उम्मीद करता है, तो कभी-कभी दूसरा व्यक्ति दबाव महसूस करता है। लगातार साथ रहने के बजाय एक-दूसरे को थोड़ा समय और आजादी देना जरूरी है। इससे रिश्ते में तनाव और घुटन कम करने में मदद मिलती है।
कभी-कभी अकेले समय बिताना भी जरूरी होता है। इस दौरान आप अपनी भावनाओं, जरूरतों और विचारों को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं। किताब पढ़ना, टहलना, संगीत सुनना या बस कुछ देर शांति से बैठना आपको खुद से जोड़ता है।
रिश्ते में आने के बाद दोस्तों और परिवार को नजरअंदाज करना सही नहीं है। पार्टनर के अलावा भी आपकी जिंदगी में ऐसे लोग होते हैं, जिनके साथ आपका अलग रिश्ता और अटैचमेंट है। अपने दोस्तों से मिलना या परिवार के साथ समय बिताना आपको एक बैलेंस लाइफ बनाए रखने में मदद करता है।
रिश्ते में इमोशनल सपोर्ट लेना स्वाभाविक है, लेकिन अपनी हर छोटी-बड़ी खुशी के लिए सिर्फ पार्टनर पर निर्भर रहना ठीक नहीं। अपनी हॉबी, दोस्ती और व्यक्तिगत लक्ष्य बनाए रखने से आप खुद भी संतुष्ट महसूस करते हैं।
हर इंसान की पसंद, सोच और जरूरतें अलग होती हैं। जरूरी नहीं कि दोनों को हर चीज एक जैसी पसंद आए। जब आप पार्टनर को अपनी पसंद के काम करने, दोस्तों से मिलने या अकेले समय बिताने की आजादी देते हैं, तो आप उसकी आइडेंटिटी का सम्मान करते हैं और इससे रिश्ते बेहतर होते हैं।
पर्सनल स्पेस का मतलब एक-दूसरे से दूरी बनाना नहीं है। इसके लिए खुलकर बातचीत करना जरूरी है। अगर आपको कुछ समय अकेले चाहिए, तो पार्टनर को प्यार से बताएं। इसी तरह उसकी जरूरतों को भी समझें। जब दोनों एक-दूसरे की सीमाओं का सम्मान करते हैं, तो भरोसा और मजबूत होता है।