खाना खाने के बाद चाय पीने वाले जरूर पढ़ें! जानें कैसे ये आदत शरीर को पहुंचा सकती है नुकसान

Tea After Food Side Effects: कई लोगों को खाना खाने के तुरंत बाद चाय पीने की आदत होती है लेकिन यह आदत सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती है। खाने के बाद चाय पीने से शरीर को कई समस्याएं हो सकती हैं।
Drinking Tea After Meals Side Effects On Health
चाय (सौ. फ्रीपिक)
Published on
Updated on

Drinking Tea After Meal: भारत में चाय सिर्फ एक ड्रिंक नहीं बल्कि एक इमोशन है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गलत समय पर पी गई चाय जहर समान हो सकती है। खासकर खाने के तुरंत बाद चाय पीना आपके मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व सोखने से रोकता है।

सुबह की शुरुआत हो या दिनभर की थकान एक प्याली चाय हर किसी की पहली पसंद होती है। लेकिन हालिया स्वास्थ्य रिपोर्टों ने खाने के तुरंत बाद चाय पीने वाले शौकीनों को बड़ी चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आदत न केवल पाचन तंत्र को खराब करती है बल्कि ब्लड प्रेशर और मानसिक तनाव को भी न्योता देती है।

पाचन का दुश्मन

चाय में टैनिन और कैफीन जैसे तत्व पाए जाते हैं। जब हम भोजन के तुरंत बाद चाय पीते हैं तो ये तत्व पाचन प्रक्रिया में रुकावट पैदा करते हैं। टैनिन भोजन में मौजूद प्रोटीन और आयरन के साथ चिपक जाता है जिससे शरीर उन्हें अवशोषित नहीं कर पाता। इससे लंबे समय में एनीमिया (खून की कमी) और हड्डियों की कमजोरी की समस्या हो सकती है।

डायबिटीज और बीपी का खतरा

डायबिटीज के मरीजों के लिए भोजन के बाद मीठी चाय पीना और भी घातक है क्योंकि इससे ब्लड शुगर लेवल में अचानक उछाल आ सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार दिन में दो बार से अधिक मीठी चाय या सॉफ्ट ड्रिंक्स पीने से टाइप 2 डायबिटीज और मोटापे का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसके अलावा चाय में मौजूद कैफीन सीधे तौर पर ब्लड प्रेशर को बढ़ाता है और शरीर में कोर्टिसोल (तनाव हार्मोन) के स्तर को भी बढ़ा सकता है।

पेट की समस्याएं और नींद पर असर

खाने के बाद चाय पीने से एसिडिटी, पेट दर्द और भारीपन की शिकायत आम हो जाती है। विशेष रूप से रात के खाने के बाद चाय पीने से नींद की गुणवत्ता गिर जाती है जिससे अगले दिन थकान और चिड़चिड़ापन महसूस होता है।

क्या है सही तरीका

डॉक्टर्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि भोजन और चाय के बीच कम से कम 1 से 2 घंटे का अंतर जरूर रखें। यदि आपको चाय बहुत पसंद है तो बिना चीनी की या बेहद कम चीनी वाली चाय पिएं। सॉफ्ट ड्रिंक्स और ज्यादा मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाना ही लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कुंजी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com