

हर महंगे कपड़े को पानी से धोना जरूरी नहीं है। सबसे पहले उसके लेबल पर दिए गए निर्देश पढ़ें और उसी के अनुसार सफाई करें।
हल्की गंदगी, पसीने की गंध और छोटे-मोटे दाग को सही तकनीक से घर पर कम किया जा सकता है।
सिल्क, वूलन और भारी कढ़ाई वाले कपड़ों को साफ करने के बाद सही तरीके से सुखाना और स्टोर करना भी कपड़ों की लाइफ बढ़ाता है।
Dry Clean Clothes At Home: महंगे कपड़े खरीदने के बाद उनकी सही देखभाल करना भी जरूरी होता है। खासकर सिल्क, वूलन, ब्लेजर, कढ़ाई वाले सूट और पार्टी वियर कपड़ों को बार-बार धोना आसान नहीं होता। इस तरह के महंगे कपड़ों पर पानी और डिटर्जेंट का इस्तेमाल उनकी चमक, फिटिंग और फैब्रिक को नुकसान पहुंचाता है।
यही वजह है कि लोग इन्हें साफ कराने के लिए ड्राई क्लीनर के पास जाते हैं। हालांकि, कुछ कपड़ों की रोजमर्रा की देखभाल और हल्की सफाई घर पर भी की जा सकती है। इसके लिए कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं।
कपड़े की सफाई शुरू करने से पहले उसके अंदर लगे केयर लेबल को जरूर देखें। अगर उस पर 'ड्राई क्लीन ओनली' लिखा है, तो घर पर पानी या डिटर्जेंट से धोने का जोखिम न लें। वहीं, 'ड्राई क्लीन' लिखा होने का मतलब यह हो सकता है कि ड्राई क्लीनिंग की सलाह दी गई है, लेकिन कुछ मामलों में फैब्रिक के हिसाब से दूसरे तरीके से भी सफाई की जा सकती है। ऐसे में कपड़े की बनावट और निर्देशों को ध्यान से पढ़ें।
अगर कपड़े पर केवल धूल या हल्की गंदगी लगी है, तो उसे साफ करने के लिए सॉफ्ट क्लॉथ या फैब्रिक ब्रश का इस्तेमाल करते हैं। कपड़े को समतल जगह पर फैलाएं और हल्के हाथों से ब्रश करें। इससे सतह पर जमा धूल हटती है। कढ़ाई, जरी या नाजुक डिजाइन वाले हिस्सों पर ब्रश का इस्तेमाल बहुत सावधानी से करें।
कई बार कपड़े साफ दिखते हैं, लेकिन उनमें पसीने की बदबू या लंबे समय तक अलमारी में रखे रहने की गंध आने लगती है। ऐसे में कपड़े को हैंगर पर टांगकर हवादार जगह पर कुछ समय के लिए छोड़ दें, लेकिन कपड़ों को सीधी तेज धूप से बचाएं। स्टीमर का इस्तेमाल भी कुछ कपड़ों में किया जा सकता है, लेकिन पहले केयर लेबल जरूर जांचें।
कपड़े पर चाय, कॉफी या खाने का छोटा दाग लग जाए, तो उसे जोर से रगड़ने की गलती न करें। इससे दाग फैल सकता है और फैब्रिक के रेशे खराब होते हैं। किसी भी क्लीनिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से पहले कपड़े के छिपे हुए हिस्से पर पैच टेस्ट करें। रंग निकलने या कपड़े की बनावट बदलने पर उसका इस्तेमाल न करें।
सफाई के बाद कपड़ों को पूरी तरह सूखने दें। फिर उन्हें साफ और सूखी अलमारी में रखें। सिल्क और भारी एम्ब्रॉयडरी वाले कपड़ों को मुलायम मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें और वूलन कपड़ों को भी साफ करके ही स्टोर करें, ताकि उनमें नमी और बदबू न आए।