

नेट शरीर की हार्मोन बनाने वाली कोशिकाओं से विकसित होता है।
इसके लक्षण ट्यूमर की जगह और हार्मोन रिलीज पर निर्भर करते हैं।
समय पर जांच से बीमारी की पहचान और इलाज में मदद मिलती है।
World NET Cancer Day 2026: कैंसर का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में डर बैठ जाता है और सामान्य तौर पर उन्हें ब्रेस्ट, लंग या सर्वाइकल कैंसर जैसे नामों के बारे में ही पता होता है। लेकिन कुछ कैंसर ऐसे भी हैं, जो बेहद दुर्लभ है।
न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर भी ऐसी ही एक दुर्लभ बीमारी है। यह शरीर की उन कोशिकाओं में विकसित होता है, जो नर्वस सिस्टम और हार्मोन बनाने वाली कोशिकाओं दोनों की तरह काम करती हैं। हर साल 10 नवंबर को वर्ल्ड नेट कैंसर डे मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य न्यूरोएंडोक्राइन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसकी समय पर पहचान के बारे में जानकारी देना है।
न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर शरीर की न्यूरोएंडोक्राइन कोशिकाओं से विकसित होने वाला ट्यूमर है। ये कोशिकाएं शरीर के कई अंगों में मौजूद होती हैं और नर्वस सिस्टम के अनुसार हार्मोन बनाने और रिलीज करने का काम करती हैं। इसी वजह से यह शरीर के अलग-अलग हिस्सों में विकसित होता है। यह पाचन तंत्र, छोटी आंत, अपेंडिक्स, मलाशय, पैंक्रियाज और फेफड़ों में हो सकता है।
न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर की शुरुआत में कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। इनके लक्षण इस बात पर निर्भर करते हैं कि ट्यूमर शरीर के किस अंग में है और क्या वह अतिरिक्त हार्मोन बना रहा है।
चेहरे और गर्दन पर अचानक लालिमा: बिना किसी स्पष्ट वजह के चेहरे या गर्दन पर लालिमा और गर्माहट महसूस होना।
बार-बार दस्त होना: लगातार या बार-बार दस्त की समस्या कुछ नेट के लक्षणों में हो सकता है।
पेट में दर्द: पेट में बार-बार दर्द, ऐंठन या असहजता महसूस होना भी इसके लक्षणों में शामिल है। कई लोगों को लगातार पेट फूलने या ब्लोटिंग की परेशानी हो सकती है।
बिना कोशिश के वजन कम होना: खानपान या एक्सरसाइज में बदलाव किए बिना वजन कम होना भी इसके लक्षण हो सकते हैं।
लगातार खांसी: खासकर फेफड़ों में विकसित होने वाले कुछ न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर के साथ खांसी, घरघराहट या सांस फूलने की समस्या होती है।
जरूरत से ज्यादा पसीना आना: कुछ हार्मोन बनाने वाले नेट में असामान्य पसीना आना और धड़कन तेज महसूस होना भी देखा जाता है।
नेट की पहचान के लिए डॉक्टर मरीज के लक्षणों, मेडिकल हिस्ट्री और शारीरिक जांच के आधार पर अलग-अलग टेस्ट कराने की सलाह देते हैं। इनमें ब्लड और यूरिन टेस्ट, इमेजिंग टेस्ट, पेट स्कैन (ट्यूमर की जगह और फैलाव का पता चलता है) और बायोप्सी (इससे ट्यूमर के प्रकार और उसकी प्रकृति को समझने में मदद मिलती है)
किसी भी कैंसर की तरह नेट में भी समय पर पहचान से बीमारी की स्थिति समझने और उचित इलाज समय पर शुरु हो पाता है। इलाज ट्यूमर के प्रकार, उसकी ग्रेड, शरीर में उसकी जगह और फैलाव के आधार पर तय होता है। कुछ मामलों में सर्जरी, दवाओं, हार्मोन नियंत्रण थेरेपी, टारगेटेड थेरेपी या रेडियोन्यूक्लाइड थेरेपी काम आते है। हर मरीज का इलाज अलग हो सकता है।