Diabetes Risk Symptoms: इसलिए साइलेंट किलर है डायबिटीज, शरीर में दिखें ये 5 बदलाव तो तुरंत कराएं जांच

How to Prevent Diabetes: डायबिटीज के शुरुआती संकेत अक्सर थकान जैसे सामान्य लगते हैं, जिन्हें लोग नजरअंदाज कर देते हैं। जानिए वे 5 लक्षण और लापरवाही से होने वाले 5 गंभीर नुकसान।
Early Symptoms of Diabetes Disease
विश्व मधुमेह दिवसडिजाइन फोटो
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • सामान्य थकान समझकर न टालें डायबिटीज के शुरुआती संकेत।

  • बार-बार पेशाब आना और मुंह सूखना है खतरे की घंटी।

  • बिना डाइटिंग तेजी से वजन घटना हो सकता है डायबिटीज।

  • अनदेखी करने पर दोगुना हो जाता है हार्ट अटैक का खतरा।

  • किडनी फेलियर और आंखों की रोशनी जाने का रहता है डर।

Early Symptoms of Diabetes Disease: दुनिया भर में मधुमेह यानी डायबिटीज आज के समय की सबसे तेजी से फैलने वाली बीमारियों में से एक बन चुकी है। डॉक्टर इसे अक्सर 'साइलेंट किलर' कहते हैं, क्योंकि इसके शुरुआती संकेत इतने आम होते हैं कि ज्यादातर लोग इन्हें रोजमर्रा की थकान या बदलते मौसम का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं।

हर साल 14 नवंबर के दिन दुनिया भर में मधुमेह से बचने के लिए World Diabetes Day मनाया जाता है। इस मौके पर हम पाठकों से खास जानकारी साझा कर रहे हैं, जिससे 'साइलेंट किलर' कही जाने वाली बीमारी से बच सकते हैं। साथ ही साथ घर-परिवार के लोगों को बचा सकते हैं।

WHO और अंतरराष्ट्रीय मधुमेह महासंघ के विशेषज्ञों का साफ कहना है कि अगर समय रहते इन संकेतों को नहीं पहचाना गया, तो यह बीमारी शरीर के कई जरूरी अंगों को अंदर ही अंदर खोखला कर सकती है। इसलिए आज इस बीमारी को लेकर कुछ जरुरी बातें बता रहे हैं।

1. पहला बड़ा संकेत- बार-बार पेशाब आना और गला सूखना

अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन (ADA) के मुताबिक, जब खून में ग्लूकोज का स्तर बढ़ता है, तो किडनी अतिरिक्त शुगर को छानकर बाहर निकालने के लिए ज्यादा मेहनत करने लगती है। इसी वजह से व्यक्ति को सामान्य दिनों के मुकाबले बार-बार, खासकर रात के समय पेशाब जाना पड़ता है। वहीं, लगातार पेशाब जाने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन होने लगता है। इसकी भरपाई के लिए दिमाग बार-बार प्यास का सिग्नल भेजता है और पानी पीने के बाद भी हर वक्त मुंह व गला सूखा महसूस होता है।

Frequent urination and a dry throat
डिजाइन फोटो

2. दूसरा बड़ा संकेत- हर वक्त थकान लगना और तेजी से वजन घटना

डायबिटीज होने पर शरीर की कोशिकाएं भोजन से मिलने वाले ग्लूकोज को ऊर्जा में ठीक से नहीं बदल पातीं। शरीर में ऊर्जा की इसी कमी के कारण पूरी नींद लेने के बावजूद इंसान हर समय सुस्त, कमजोर और थका हुआ महसूस करता है। इसके अलावा, अगर आप बिना किसी डाइटिंग या भारी कसरत के अपना वजन तेजी से घटता हुआ देख रहे हैं, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। जब शरीर को ग्लूकोज से ताकत नहीं मिलती, तो वह जमा चर्बी और मांसपेशियों को गलाकर ऊर्जा लेने लगता है, जिससे वजन अचानक गिरने लगता है।

Unexplained fatigue and rapid weight loss
डिजाइन फोटो

3. तीसरा संकेत- घावों का देरी से भरना और आंखों के सामने धुंधलापन आना

हाई ब्लड शुगर शरीर में खून के बहाव को धीमा कर देता है। इसका सीधा असर यह होता है कि शरीर पर लगी कोई मामूली चोट, खरोंच या घाव भी ठीक होने में बहुत लंबा समय लेता है। इसके साथ ही खून में शुगर बढ़ने से आंखों के लेंस में मौजूद तरल पदार्थ के स्तर में बदलाव आने लगता है, जिससे व्यक्ति को चीजें धुंधली दिखाई देने लगती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इनमें से कोई भी लक्षण दिखते ही बिना देरी किए ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए।

Delayed wound healing and blurred vision
डिजाइन फोटो

ये है डायबिटीज से होने वाले बड़े खतरे

मेयो क्लिनिक और CDC की रिपोर्ट के अनुसार, लंबे समय तक शुगर कंट्रोल न रखने पर हार्ट और किडनी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचता है। डायबिटीज की वजह से खून की नसें सख्त और संकरी हो जाती हैं, जिससे आम लोगों के मुकाबले हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा दोगुना हो जाता है। दूसरी तरफ, लगातार हाई शुगर किडनी की बेहद महीन रक्त वाहिकाओं को खराब कर देती है। सही समय पर इलाज न मिलने पर किडनी काम करना बंद कर देती है, जिससे मरीज को डायलिसिस या किडनी ट्रांसप्लांट तक कराना पड़ सकता है।

These are the major risks associated with diabetes
डिजाइन फोटो

जा सकती है आपके आंखों की रोशनी

खून में बढ़ी हुई शर्करा आंखों के रेटिना की बारीक नसों को नुकसान पहुंचाती है, जिससे मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और गंभीर स्थिति में हमेशा के लिए आंखों की रोशनी जाने का खतरा बढ़ जाता है। आपके चश्मे का नंबर बार-बार बदलना पड़ सकता है।

Early Symptoms of Diabetes Disease
वाशिम जिला होगा मोतियाबिंद मुक्त, सरकार और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच समझौता, CM फडणवीस ने की सराहना

नसों में दिखते हैं ऐसे लक्षण

इसके साथ ही साथ शरीर के विभिन्न हिस्सों में नसों को पोषण देने वाला सिस्टम भी खराब होने लगता है, जिससे हाथ-पैरों में झुनझुनी, जलन, तेज दर्द या सुन्नपन होने लगता है। नसें सुन्न होने और खून का बहाव कम होने से पैरों में हुआ मामूली छाला या घाव भी डायबिटिक फुट में बदल जाता है, जिसके चलते कई बार ऐसे मरीजों की जान बचाने के लिए पैर या अंगूठा तक काटना पड़ता है।

Early Symptoms of Diabetes Disease
छात्रों को नहीं मिल रहा अंडा और केला, अभिभावकों ने पूछा- कब मिलेगा पौष्टिक आहार योजना का लाभ

हर साल कम से कम 2 बार जरुर कराएं जांच

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि थोड़ी सी जागरूकता अपनाकर डायबिटीज और उससे होने वाले इन पांचों बड़े खतरों से पूरी तरह बचा जा सकता है। हर व्यक्ति को साल में कम से कम साल में 2 बार अपना फास्टिंग ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट जरूर कराना चाहिए, जिससे डायबिटीज के खतरे का पता समय से चल जाता है और बीमारी का पहले लेवल पर ही इलाज संभव हो जाता है। लोग परहेज करना शुरू करके बीमारी को बढ़ने से बचा सकते हैं।

इसके साथ ही अपनी अपनी थाली में संतुलित और पौष्टिक आहार शामिल करके और कामकाज व पारिवारिक जीवन के तनाव से दूर रहने की भी सलाह दी जाती है। इतना ही नहीं, स्वस्थ जीवन जीने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चलने या शारीरिक कसरत करने की आदत डालनी चाहिए। ऐसी-छोटी-छोटी सी पहल आपको एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन दे सकती है।