

CITU Bhandara Protest: आंगनवाड़ी केंद्रों में लाभार्थियों को गर्म और ताजा भोजन उपलब्ध कराने वाली महिला बचत समूहों को वर्तमान आहार दर पर आपूर्ति करना मुश्किल हो रहा है। इसी के चलते आहार आपूर्ति संगठन (सीटू), भंडारा की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने एकदिवसीय धरना आंदोलन किया गया।
संगठन के अनुसार, वर्तमान में प्रति लाभार्थी केवल 8 रुपए की दर मिल रही है। बढ़ती महंगाई के बीच इस राशि में पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है।
बढ़ती महंगाई के साथ अनाज, दाल, सब्जियां, खाद्य तेल, मसाले, गैस और ईंधन के दाम बढ़ने से बचत समूहों की महिलाओं को कई बार अपनी जेब से अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। इसके अलावा आहार आपूर्ति के बिल समय पर नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां और बढ़ गई हैं।
संगठन ने प्रति लाभार्थी आहार की दर 8 रुपए से बढ़ाकर 20 रुपए करने की मांग की है। साथ ही बचत समूहों के आहार बिल का भुगतान प्रत्येक माह नियमित रूप से उनके बैंक खातों में जमा करने तथा महंगाई को ध्यान में रखते हुए आहार दर की समय-समय पर समीक्षा करने की मांग भी की गई।
आंदोलन के बाद संगठन की ओर से अपनी मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शासन की ओर से मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा।
धरना आंदोलन में संगठन के जिला मार्गदर्शक नरेंद्र रामटेके, जिला उपाध्यक्ष निशा सोनकुसरे, विद्या थोटे, उमेश्वरी मेश्राम, मोनाली रोकड़े, आर. जे. पठाण, ज्योति भानारकर, उमा चटप, भावना चौधरी, उषा निमजे, रंजना कुंभारे, शोभा राऊत, आर. डी. पाठक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिला बचत समूहों की सदस्य उपस्थित थीं।