Anti-Obesity Day: BMI नॉर्मल है फिर भी पेट पर जमा है चर्बी? जानें विसरल फैट क्यों है खतरनाक

Visceral Fat: शरीर का वजन और BMI सामान्य होने के बावजूद पेट पर चर्बी जमा होती है। इसे विसरल फैट कहते हैं, जो डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। जानें इसके लक्षण और कारण।
Anti obesity day normal bmi visceral fat belly fat.
मोटापाफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • BMI सामान्य होने का मतलब यह नहीं है कि शरीर में फैट की मात्रा सही है। पेट के अंदर जमा विसरल फैट सेहत के लिए जोखिम बढ़ाता है।

  • विसरल फैट लिवर, आंतों और दूसरे अंदरूनी अंगों के आसपास जमा होता है। इससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ता है।

  • पेट की चर्बी कम करने के लिए सिर्फ डाइटिंग नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी है।

How To Reduce Visceral Fat: कई लोगों का वजन उनकी हाइट के हिसाब से सामान्य होता है और बीएमआई भी नॉर्मल रेंज में आता है, लेकिन इसके बावजूद उनका पेट निकला हुआ दिखाई देता है। ऐसे में लोग इसे सामान्य मोटापा या बॉडी स्ट्रक्चर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

पेट के आसपास जमा होने वाले फैट एक जैसे नहीं होते। कुछ फैट त्वचा के ठीक नीचे जमा होता है, जबकि कुछ पेट के अंदरूनी हिस्से में जमा हो जाता है। इसी अंदरूनी चर्बी को विसरल फैट कहते हैं। यदि विसरल फैट अधिक होता है, तो सेहत के लिए समस्या बढ़ जाती है।

क्या होता है विसरल फैट?

विसरल फैट वह फैट है, जो पेट के अंदर लिवर, आंतों, अग्न्याशय और दूसरे अंदरूनी अंगों के आसपास जमा होती है। इसके विपरीत, सबक्यूटेनियस फैट त्वचा के ठीक नीचे होता है, जिसे हम हाथ से पकड़ सकते हैं। थोड़ी मात्रा में विसरल फैट शरीर के अंगों को सुरक्षा देने का काम करता है, लेकिन इसके अधिक होने से शरीर में सूजन और मेटाबॉलिक गड़बड़ी होने लगती है।

विसरल फैट बढ़ने से कौन-सी बीमारियों का खतरा बढ़ता है?

पेट के अंदर अधिक मात्रा में विसरल फैट जमा होने से शरीर का मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। इससे कई तरह की बीमारियों का खतरा बना रहता है, जैसे- टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारियां, फैटी लिवर।

कैसे पता करें कि पेट की चर्बी ज्यादा है?

BMI यानी बॉडी मास इंडेक्स हाइट और वजन के आधार पर निकाला जाता है। यह शरीर में फैट कहां जमा है या कितना है, इसकी जानकारी नहीं देता। इसलिए कमर का माप और कमर से हाइट का अनुपात देखना जरूरी है।

  • कमर का माप- वयस्क महिलाओं की कमर 80 सेंटीमीटर और पुरुषों की 90 सेंटीमीटर या इससे ज्यादा होने पर मेटाबॉलिक खतरा बढ़ता है।

  • कमर और हाइट का अनुपात- कमर की लंबाई को हाइट से सेंटीमीटर में भाग दें। इसका अनुपात 0.5 या इससे अधिक होने पर पेट के आसपास ज्यादा फैट हो सकता है।

क्यों बढ़ता है विसरल फैट?

फिजिकल एक्टिविटी की कमी

लंबे समय तक बैठकर काम करना और एक्सरसाइज न करना पेट के आसपास फैट बढ़ाता है। काम के बीच-बीच में 1-2 मिनट का वॉक जरूरी है।

खानपान की गलत आदतें

ज्यादा मीठा, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और हाई कैलोरी वाले फूड का सेवन वजन और पेट की चर्बी बढ़ाता है। अपने खाने में सभी पोषक तत्वों को शामिल कर इसे कम किया जा सकता है।

नींद की कमी

पर्याप्त नींद न लेने से भूख और मेटाबॉलिज्म से जुड़े हार्मोन प्रभावित होते हैं। नींद हमारे शरीर की रिकवरी के लिए बेहद जरूरी है। रोजाना 7-9 घंटे की हर किसी को लेनी ही चाहिए।

लगातार तनाव

लंबे समय तक तनाव में रहने से खानपान और शरीर के फैट स्टोरेज पर असर पड़ता है।

उम्र और हार्मोनल बदलाव

उम्र बढ़ने और हार्मोन में बदलाव के साथ शरीर में फैट जमा होने का तरीका बदलता है। महिलाओं में इसका असर अधिक होता है।

Anti obesity day normal bmi visceral fat belly fat.
मोटापे से होता है PCOS या पीसीओएस की वजह से बढ़ता है वजन? जानें दोनों के बीच क्या है संबंध

विसरल फैट कम करने के लिए क्या करें?

पेट की चर्बी कम करने के लिए कोई एक खास एक्सरसाइज या डाइट काम नहीं करती। इसके लिए लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करना जरूरी है। शुरुआत में हर सप्ताह कम से कम 150 मिनट की मॉडरेट इंटेंसिटी वाली फिजिकल एक्टिविटी करें। स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर डाइट लेना, जंक फूड का सेवन कम करना, स्ट्रेस मैनेजमेंट और अच्छी नींद लेने जैसे तरीकों से विसरल फैट को कम किया जा सकता है।