

Winter Special Achar Recipe: सर्दियों में बाजार में गाजर, गोभी और शलजम जैसी मौसमी सब्जियां खूब मिलते हैं। इन मौसमी सब्जियों से कई तरह की डिशेज बनाई जाती हैं, लेकिन इन मौसमी सब्जियों से बने अचार से खाने का जायका बढ़ जाता है। अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं, तो मिक्स वेज अचार अच्छा विकल्प है।
सरसों का तेल, राई, मेथी और अन्य मसालों के साथ तैयार होने वाला यह अचार पराठे, दाल-चावल और पूरी के साथ बेहद स्वादिष्ट लगते है। आइए जानते हैं घर पर गाजर-गोभी-शलजम का अचार बनाने का आसान तरीका।
गाजर - 250 ग्राम
फूलगोभी - 250 ग्राम
शलजम - 250 ग्राम
सरसों का तेल - 250 मिलीलीटर
राई या पीली सरसों - 3 बड़े चम्मच
मेथी दाना - 1 बड़ा चम्मच
सौंफ - 2 बड़े चम्मच
हल्दी पाउडर - 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - 2 छोटे चम्मच
नमक - स्वादानुसार
हींग – 1/ 4छोटा चम्मच
सिरका - 3-4 बड़े चम्मच
सबसे पहले गाजर, गोभी और शलजम को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इन्हें मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि सब्जियों में पानी न रहे।
एक बर्तन में पानी गर्म करें। पहले शलजम और गाजर डालकर 2-3 मिनट ब्लांच करें। फिर गोभी डालकर एक मिनट और पकाएं। सब्जियों को निकालकर साफ कपड़े पर फैलाएं और पूरी तरह सुखा लें।
राई, मेथी और सौंफ को हल्का दरदरा पीस लें। इससे अचार में मसालों का स्वाद अच्छी तरह आएगा।
एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। जब हल्का धुआं उठने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को थोड़ा ठंडा होने दें।
अब तेल में हींग, हल्दी, लाल मिर्च, पिसी हुई राई, मेथी और सौंफ डालें। अच्छी तरह मिलाएं। तैयार मसाले में सूखी हुई गाजर, गोभी और शलजम डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद नमक और सिरका डालें।
साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में अचार भर दें। सब्जियां तेल और मसाले से अच्छी तरह ढकी होनी चाहिए। जार को ढक्कन लगाकर 3-4 दिन धूप में रखें। रोजाना एक बार साफ और सूखे चम्मच से अचार को हिलाएं।