Mango Pickle: आम का अचार बनाने की सोच रहे हैं तो डालें ये एक चीज, पूरे साल बना रहेगा स्वाद

Mango Pickle Recipe: अचार भारतीय खाने की जान होती है। आम का अचार तो त्योहार की तरह होता है, जिसे गर्मी के मौसम में हर घर में बनाया जाता है। आइए जानते है इस दौरान किन बातों का रखें ख्याल।
Mango pickle recipe to keep your pickle long lasting
आम का अचार (सौ. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mango Pickle Recipe: चटपटी सी अचार के जार को खोलते ही उसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाती है। आम का अचार तो सालों साल चलने वाला स्वाद है। इसके कई स्वाद है और हर घर का अपना स्वाद। दाल-चावल, खिचड़ी, करारे पराठे या फिर बिरयानी ही क्यों न हो, आम का अचार सबका स्वाद दोगुना कर देता है।

इसे बनाने में मेहनत तो है ही, साथ ही इसके रखरखाव में विशेष सावधानी बरतनी होती है वरना यह बहुत जल्द खराब भी हो सकती है। अच्छा आम का अचार केवल मसालों या तेल से नहीं बनता बल्कि इसकी शुरूआत आम के चुनाव से होती है। अचार के लिए कच्चा, खट्टा, सख्त और बिना दाग वाले आम चुने जाते है।

आम का चुनाव

सभी आम अचार के लिए परफेक्ट नहीं होते हैं। इसके लिए आम का सख्त या कड़क होना जरूरी है। ऐसे आम का चयन करें, जिनमें गुठली पूरी तरह से आ गई हो। आम को चख कर देख लें। अचार के लिए आम न ज्यादा खट्टा और न ज्यादा मीठा होना चाहिए। साथ ही बेदाग होने चाहिए। जमीन पर गिरे हुए, चोटिल या इधर-उधर से कटे आम न लें। अचार के लिए मीडियम साइज का आम परफेक्ट होता है। आम रसीला नहीं होना चाहिए। जब आम को काटें, तो वो करारा व सख्त होना चाहिए। इससे आम में मसाला अच्छे से पकड़ता है।

अचार बनाने की सामग्री

  • कच्ची आम – 500 ग्राम
  • राई- 3 से 4 चम्मच
  • नमक – 3 से 4 चम्मच (स्वादानुसार)
  • हल्दी पाउडर – 1 चम्मच
  • मिर्च पाउडर – 1 से 2 चम्मच (स्वादानुसार)
  • सरसों का तेल – 100 ग्राम
  • जीरा – 1 चम्मच
  • साबुत धनिया- 1 चम्मच
  • सौंफ – 1 चम्मच
  • कलौंजी (काले जीरे) – 1/2 चम्मच
  • हींग – 1/4 चम्मच

अचार बनाने की विधि

इसके बाद कच्चे आम को अच्छे से धोकर सूखा लें। फिर इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। ध्यान रखें कि टुकड़े ज्यादा बड़े न हों। कटे हुए आम में नमक, हल्दी पाउडर, और मिर्च पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिलाकर 2 से 3 घंटे के लिए धूप में छोड़ दें, ताकि आम में नमक अच्छे से घुल जाए।

इसके बाद सभी मसालों को (सरसों, साबुत धनिया, जीरा) को हल्का रोस्ट करके उन्हें दरदरा पीसकर आम में मिला देंगे। अन्य मसालों (कलौंजी व सौंफ) व नमक को भी रोस्ट करके साबुत मिला देंगे। इसके बाद सरसों के तेल को गर्म करके उसमें डालेंगे और पूरे मिश्रण को अच्छे से मिला देंगे।

तैयार आचार को एक कांच की बोतल या जार में डालकर धूप में रखें। हर दिन इसे अच्छे से हिला लें, ताकि मसाले अच्छे से लगे रहें। अच्छी तरह से धूप लगने के बाद आम का आचार लगभग 7-10 दिनों में तैयार हो जाएगा। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ खा सकते हैं।

अचार लंबे समय तक खराब न हो, इसके लिए तेल को गर्म करके उसमें हींग डालकर अचार में मिलाएं। इससे स्वाद भी बढ़ेगा और अचार जस का तस बना रहेगा। अचार को खराब होने से बचाने के लिए सिरके का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com