Modak Without Mould: बिना सांचे के हाथ से बनाएं परफेक्ट शेप के मोदक, ये आसान तरीका आएगा काम

Modak Recipe: बिना सांचे के घर पर परफेक्ट मोदक बनाने का आसान तरीका जानें। बप्पा को भोग लगाएं चावल के आटे और नारियल-गुड़ की फिलिंग से बने सॉफ्ट औऱ स्वादिष्ट मोदक।
How to make modak recipe without mould Ganpati modak rrs05
मोदकफोटो.सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Modak Recipe Without Mould: जल्दी ही गणपति बप्पा घर पर पधारने वाले हैं और गणेश चतुर्थी पर बप्पा को मोदक का भोग अति प्रिय माना जाता है। वैसे तो बाजार में मोदक आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन घर पर अपने हाथों से बने ताजे और गर्म मोदक में बप्पा के प्रति भक्त के भाव छुपे होते हैं।

अगर आपके पास मोदक बनाने का सांचा नहीं है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप हाथों की मदद से भी सुंदर आकार के परफेक्ट शेप के मोदक बना सकते हैं। इसके लिए बस चावल के आटे की नरम उकड़ और नारियल-गुड़ की स्वादिष्ट फिलिंग तैयार करनी होगी।

सबसे पहले तैयार करें नारियल-गुड़ की फिलिंग

मोदक की फिलिंग बनाने के लिए ताजा नारियल को कद्दूकस करें। एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और इसमें गुड़ डालकर हल्का पिघलाएं। अब इसमें नारियल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। धीमी आंच पर इसे तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। आखिर में इलायची पाउडर डालें और गैस बंद कर दें। फिलिंग को पूरी तरह ठंडा होने दें, क्योंकि गर्म फिलिंग से मोदक बनाते समय आटा फट सकता है।

ऐसे तैयार करें मोदक का आटा

अब एक बर्तन में पानी, थोड़ा नमक और एक चम्मच घी या तेल डालकर उबालें। पानी में उबाल आने पर इसमें चावल का आटा डालें और तुरंत चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिलाएं। अब गैस बंद करके इसे कुछ देर ढककर रखें। जब मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए, तो हाथों पर थोड़ा घी या तेल लगाकर इसे अच्छी तरह गूंथ लें। आटा बिल्कुल नरम और चिकना होना चाहिए। अगर इसमें दरारें आ रही हैं तो थोड़ा पानी लगाकर दोबारा गूंथें। तैयार आटे को गीले कपड़े से ढककर रखें, ताकि यह सूखे नहीं।

बिना सांचे के ऐसे दें मोदक को शेप

अब आटे की छोटी-सी लोई लें और हथेली से इसे गोल करें। उंगलियों की मदद से इसे धीरे-धीरे दबाकर पतला फैलाएं। अब इसे बीच-बीच में फोल्ड करें और प्लीट्स बनाएं और इसके बीच में नारियल-गुड़ की थोड़ी फिलिंग रखें। अब आटे के किनारों को धीरे-धीरे ऊपर की तरफ लाते हुए बंद करें। चाहें तो उंगलियों से हल्की प्लेट्स बनाकर इसे पारंपरिक मोदक का आकार दे सकती हैं। ध्यान रखें कि बाहरी परत बहुत मोटी न हो।

अब मोदक को करें स्टीम

स्टीमर में हल्का गीला कपड़ा बिछाएं और उसके ऊपर मोदक रखें। ढक्कन लगाकर करीब 5 से 8 मिनट तक स्टीम करें। मोदक पकने के बाद तुरंत न निकालें, बल्कि करीब 5 मिनट ठंडा होने दें। इससे मोदक अच्छी तरह सेट हो जाएंगे और निकालते समय टूटेंगे नहीं।

तैयार हैं आपके सॉफ्ट, स्वादिष्ट और बिना सांचे के बने मोदक। इन्हें ऊपर से थोड़ा घी डालकर गणपति बप्पा को भोग लगाएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com