

हैलोवीन पार्टी के लिए घर पर बनाएं चॉकलेट से भरपूर स्पाइडर वेब ब्राउनी।
व्हाइट चॉकलेट से तैयार करें ब्राउनी पर डरावनी स्पाइडर वेब डिजाइन।
बच्चों और मेहमानों को परोसें यह मजेदार हैलोवीन ट्रीट।
Spider Web Brownie Recipe: हैलोवीन पार्टी में सिर्फ डरावनी सजावट और कॉस्ट्यूम ही नहीं, खाने की चीजों को भी खास अंदाज में पेश किया जाना चाहिए। अगर आप घर पर बच्चों या दोस्तों के लिए हैलोवीन पार्टी रख रहे हैं, तो चॉकलेट ब्राउनी को स्पाइडर वेब डिजाइन देकर पार्टी परफेक्ट बना सकते हैं। इसका लुक डरावना और मजेदार तो होगा ही, स्वाद भी बिल्कुल चॉकलेटी और लाजवाब लगेगी।
1 कप मैदा
½ कप पिघला हुआ मक्खन
¾ कप चीनी
½ कप कोको पाउडर
½ कप दूध
½ छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
½ कप चॉकलेट चिप्स
एक चुटकी नमक
आधा कप सफेद चॉकलेट
थोड़ी डार्क चॉकलेट
पाइपिंग बैग या छोटा कोन
एक बाउल में पिघला हुआ मक्खन और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब इसमें दूध और वनीला एसेंस डालें। इसके बाद मैदा, कोको पाउडर, बेकिंग पाउडर और नमक छानकर मिलाएं। आखिर में चॉकलेट चिप्स डाल दें। बैटर को जरूरत से ज्यादा न फेंटें।
एक बेकिंग ट्रे में बटर पेपर लगाकर बैटर डालें और ऊपर से बराबर फैला दें। पहले से गर्म ओवन में 170-180 डिग्री सेल्सियस पर लगभग 20-25 मिनट बेक करें। टूथपिक डालकर चेक करें। ब्राउनी को पूरी तरह ठंडा होने दें।
सफेद चॉकलेट को हल्का गर्म करके पिघला लें और पाइपिंग बैग में भरें। ब्राउनी के ऊपर गोल-गोल सर्कल बनाएं। अब टूथपिक से बीच से बाहर की तरफ हल्की लाइनें खींचें। इससे स्पाइडर वेब जैसा डिजाइन बन जाएगा।
डार्क चॉकलेट से छोटे-छोटे मकड़ी जैसे डिजाइन बना सकते हैं। ब्राउनी को कुछ देर सेट होने दें और फिर चौकोर टुकड़ों में काटकर सर्व करें।
ब्राउनी को ब्लैक प्लेट में रखें और आसपास चॉकलेट सॉस से छोटे मकड़ी के जाले बनाएं। चाहें तो प्लेट पर कुछ कैंडी आईज रखकर हैलोवीन थीम को और मजेदार बना सकते हैं।