

सर्दियों में गेहूं, बाजरा और ज्वार तीनों के आटे के हैं अलग फायदे।
बाजरे में आयरन और मैग्नीशियम, जबकि ज्वार में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है।
रोजाना की डाइट में तीनों आटों को शामिल करके प्लेट में विविधता लाया जा सकता है।
Which Flour Is Best In Winter: सर्दियों का मौसम आते ही खानपान में बदलाव होने लगते है। डाइट में उन चीजों को शामिल किया जाता है, जो शऱीर को भीतर से गर्माहट दें। इस मौसम में तरह-तरह की मौसमी सब्जियां, बाजरे की रोटी, सरसों का साग और गुड़ व घी जैसी चीजें खूब पसंद की जाती हैं। कई लोग गेहूं की जगह ज्वार और बाजरे का आटा खाना शुरू कर देते हैं।
आइए जानते हैं सर्दियों में गेहूं, बाजरा और ज्वार में से कौन-सा आटा ज्यादा फायदेमंद है? इन तीनों के पोषण और शरीर पर पड़ने वाले असर के बारे में भी जानेंगे।
बाजरे की तासीर गर्म होती है, इसलिए सर्दियों में इसे खाना पसंद किया जाता है। इससे रोटी, हलवा या राब बनाकर खाई जाती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, आयरन, मैग्नीशियम और बी-विटामिन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं।
बाजरे के आटे में मौजूद फाइबर पाचन और पेट की सेहत को सपोर्ट करता है। आयरन और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स शरीर के लिए जरूरी हैं, जब कि फाइबर के कारण पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस करता है, ऐसे में यह वेटलॉस करने वालों के लिए भी अच्छा है। यह ग्लूटेन-फ्री अनाज है। बाजरे की रोटी को साग, मेथी की सब्जी या दही के साथ खा सकते हैं।
ज्वार के आटे को वैसे तो सालों भर खाया जा सकता है। इसे पचाना भी आसान होता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन, फॉस्फोरस और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं। ज्वार का स्वाद हल्का होता है और इससे रोटी, चीला और कई तरह के नाश्ते बनाए जा सकते हैं।
ज्वार के आटे में मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर रखता है। इसमें मौजूद मिनरल्स शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी हैं। साबुत ज्वार को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। ज्वार का आटा भी ग्लूटेन फ्री होता है। ज्वार की रोटी को दाल, हरी सब्जी या दही के साथ खाएं।
गेहूं का आटा भारतीय घरों में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। खासकर चोकर के साथ वाले साबुत गेहूं के आटे में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन बी और कई मिनरल्स पाए जाते हैं। इसकी रोटियां आसानी से बन जाती हैं और इसे रोजाना के भोजन में शामिल करना भी आसान है।
इसमें मौजूद फाइबर पाचन और पेट की नियमितता में मदद करता है। यह कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। गेहूं के आटे से बनी रोटियां एर्जी देती है, इसमें मौजूद बी-विटामिन शरीर के मेटाबॉलिज्म के लिए जरूरी हैं।
अगर आप सर्दियों में अपनी डाइट को ज्यादा पौष्टिक बनाना चाहते हैं तो सिर्फ एक ही तरह के आटे पर निर्भर न रहें। इसके बजाय कम से कम सप्ताह में दो दिन गेहूं के अलावा दूसरे आटे की रोटी भी खाएं। इसे शुरु करने के लिए शुरुआत में गेहूं के आटे में 20-30 प्रतिशत बाजरा या ज्वार मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।