नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की साज़िश, पाक-बांग्लादेशी नागरिकों पर SSB की नजर
सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के 30 नागरिक भारत में अवैध तरीके से घुसने की फिराक में हैं।
- Written By: अक्षय साहू
नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की साज़िश
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 30 से अधिक पाकिस्तानी और बांग्लादेशी नागरिकों की ओर से भारत में घुसपैठ करने की कोशिश की खुफिया रिपोर्ट के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
पहलगाम आतंकवादी हमले के ध्यान में रखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच संदिग्ध घुसपैठियों के नेपाल पहुंचने की आशंका है। सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, एसएसबी हेडक्वार्टर से मिली खुफिया जानकारी के मुताबिक, 35 से 37 बांग्लादेशी और पाकिस्तानी नागरिक अपने-अपने देशों से सीमा पार कर नेपाल आ गए हैं।
किसी भी घुसपैठ को किया जाएगा नाकाम
सेनानायक गंगा सिंह उदावत ने कहा, ‘अब वे भारत और नेपाल की खुली सीमा के रास्ते नेपाल से भारत में घुसपैठ करने की कोशिश करेंगे और हम उन्हें तुरंत पकड़कर कानून के हवाले करने के लिए तैयार हैं।’ कमांडेंट उदावत ने इस बात पर जोर दिया कि एसएसबी ऐसी किसी भी कोशिश का मुकाबला करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल में हम उन अवांछित लोगों को पकड़ने के लिए चौबीसों घंटे तैयार हैं, ताकि वे खुली सीमा का फायदा उठाकर भारत में प्रवेश न कर सकें। इन खतरों का मुकाबला करने के लिए एसएसबी ने अपनी गश्त तेज कर दी है।’
सम्बंधित ख़बरें
12वीं पास फर्जी दरोगा! वाराणसी में सामने आया वर्दी, आईडी और ठगी का बड़ा मामला, देखें VIDO
राम मंदिर में सिर्फ चढ़ावे का खेल नहीं, भर्ती में भी बड़ा हेरफेरी; 125 नियुक्तियों के खिलाफ जांच शुरू
Ram Mandir: SIT ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से की ताबड़तोड़ पूछताछ, पूछे ये तीखे सवाल
अयोध्या में नया मंदिर विवाद, फर्जी दस्तावेजों से कब्जे की हुई साजिश; चंपत राय पर लगे गंभीर आरोप
कमांडेंट उदावत ने चौबीसों घंटे लगातार जांच अभियान चलाने की जानकारी दी जिसमें जवान सड़कों, जंगलों और सीमा से सटे गांवों में पैदल और वाहनों से लगातार गश्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पार करने वाले व्यक्तियों की पहचान सत्यापित करने के लिए जांच चौकियों की संख्या बढ़ा दी गई है और इस वक्त सिर्फ भारतीय और नेपाली नागरिकों को नेपाल सीमा से प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
पांच राज्यों से लगी ही नेपाल की सीमा
बता दें कि लगभग 1750 किलोमीटर तक फैली भारत-नेपाल सीमा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल सहित पांच भारतीय राज्यों को छूती है। अकेला उत्तर प्रदेश ही नेपाल के साथ 579 किलोमीटर की सीमा साझा करता है। जिन जिलों की सीमा नेपाल से लगती है, उनमें पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज शामिल हैं।
